जैसलमेर

वर्ष प्रतिपदा व चैत्र नवरात्रा पर्व आज से,विविध कार्यक्रमों का होगा आयोजन

- घट स्थापना के साथ देवी मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों की होगी शुरूआत
2 min read
Apr 06, 2019
jaisalmer
वर्ष प्रतिपदा व चैत्र नवरात्रा पर्व आज से,विविध कार्यक्रमों का होगा आयोजन

जैसलमेर/पोकरण. जिले भर में चैत्र सुदी एकम वर्ष प्रतिपदा व चैत्र नवरात्रा को लेकर विविध कार्यक्रमों का आयोजन होगा। शक्तिपीठों पर विविध आयोजन होंगे और श्रद्धालुओं की रेलमपेल रहेगी। जैसलमेर शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में देवी मंदिरों को सजाया गया है और आकर्षक लाइटिंग की गई है। उधर इस मौके पर कस्बे में जगह-जगह विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। महिलाओं की ओर से घरों के आगे रंगोलियां सजाई जाएगी व रात्रि के समय घी के दीपक जलाकर नववर्ष का स्वागत किया जाएगा। इसी प्रकार शनिवार को चैत्र नवरात्रा का भी शुभारंभ होगा। कस्बे में प्रसिद्ध देवी मंदिर पुष्करणा बिस्सो की कुलदेवी मां आशापूर्णा, छंगाणियो की कुलदेवी संच्चियाय माता, व्यासो की कुलदेवी जाज्वला मैया, खत्री समाज की हिंगलाज माता, गांधी समाज की धरज्वल माता, प्रसिद्ध खींवज माता, कालका माता मंदिर, चारण समाज की कुलदेवी करणी माता मंदिर, कैलाश टैकरी स्थित देवी मंदिर सहित विभिन्न देवी मंदिरों में घट स्थापना के साथ नवरात्रा पर्व प्रारंभ होगा। चैत्र नवरात्रा के अवसर पर सभी देवी मंदिरों में आकर्षक रोशनी लगाकर, सफाई व रंगाई पुताई को लेकर विशेष व्यवस्थाएं की गई है।
रामदेवरा. चैत्र नवरात्रा की पूर्व संध्या पर बाबा रामदेव की समाधि के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। यहां आए श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। दर्शनोंं के बाद श्रद्धालुओं ने परचा बावड़ी, झूला पालना आदि का भ्रमण किया। श्रद्धालुओं की आवक से गांव में खासी चहल पहल देखने को मिली।
लाठी. क्षेत्र के भादरिया गांव में स्थित प्रसिद्ध भादरियाराय माता मंदिर में नवरात्रा के मौके पर शनिवार को घट स्थापना के साथ नवरात्रा मेला शुरू होगा। मंदिर में शनिवार को सुबह घट स्थापना कर पूजा-अर्चना की जाएगी। नवरात्रा मेले के दौरान सैंकड़ों श्रद्धालु यहां आकर मंदिर के दर्शन करेंगे। मेले को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। शक्तिपीठों पर विविध आयोजन होंगे और श्रद्धालुओं की रेलमपेल रहेगी।

Published on:
06 Apr 2019 09:23 am