जैसलमेर

घर बैठे दिया वोट, शारीरिक पीड़ा पर भारी रहा जज्बा

-विधानसभा आम चुनाव में ‘होम वोटिंग’ को लेकर उत्साह  
less than 1 minute read
Nov 16, 2023
घर बैठे दिया वोट, शारीरिक पीड़ा पर भारी रहा जज्बा
घर बैठे दिया वोट, शारीरिक पीड़ा पर भारी रहा जज्बा

राजस्थान विधानसभा आम चुनाव-2023 में 80 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ मतदाता तथा 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की पहल पर पहली बार घर से ही उत्साहपूर्वक मतदान कर रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष गुप्ता ने बताया कि राजस्थान विधानसभा आम चुनाव-2023 के अंतर्गत प्रदेश में 80 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ मतदाता तथा दिव्यांग मतदाताओं को घर से ही मतदान करने की सुविधा का विकल्प दिया गया है। जिले में गुरुवार को जैसलमेर विधानसभा में 137 में से 135 तथा पोकरण विधानसभा में 125 में से 121 मतदाताओं ने घर से मतदान करने की सुविधा का लाभ लिया। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं ने विकल्प के तौर पर होम वोटिंग सुविधा के लिए आवेदन किया है। विशेष मतदान दल ऐसे मतदाताओं के घर जाकर पूरी गोपनीयता के साथ डाक मतपत्र के माध्यम से उनका मतदान करवा रहे हैं। पोस्टल बैलेट के माध्यम से 19 नवम्बर तक घर पर ही मतदान करवाया जाएगा। जो मतदाता होम वोटिंग के पहले चरण के दौरान घर पर अनुपस्थित रहेंगे, उनके लिए 20 और 21 नवम्बर को विशेष मतदान दल दूसरी बार विजिट करेंगे।

96 वर्षीय नागुराम ने घर से डाला वोट

जैसलमेर विधानसभा के गफूर भट्टा स्थित 96 वर्षीय नागुराम ने घर से मतदान कर चुनाव आयोग के प्रयासों की सराहना की। गठित मतदान दल ने पूर्ण गोपनीयता के साथ नागुराम से पोस्टल बैलेट के जरिये मतदान करवाया।

Published on:
16 Nov 2023 08:29 pm