चलती कार में आग लगने से सड़क पर हुआ हादसा
जालोर
जिले के चितलवाना थाना क्षेत्र के सेसावा गांव के समीप मंगलवार दोपहर में एक कार में आग लग जाने से उसमें सवार दो महिलाओं की मौत हो गई। हादसे में दो मासूम भी बुरी तरह झुलस गए। झुलसे मासूमों को अस्पताल लाया गया है।
चलती कार में सड़क पर हुए इस हादसे से हर कोई हतप्रभ रह गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने कार पर पानी डालकर आग को बुझाया, लेकिन तब तक महिलाओं की मौत हो चुकी थी। झुलसे मासूमों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी तेजूसिंह राठौड़ और चितलवाना तहसीलदार मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक हादसे में झुलसे दोनों मासूमों का उपचार चल रहा था और उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई थी।
मौके पर मौजूद जानकारी के अनुसार सेसवा निवासी दीपाराम प्रजापत अपने बच्चे का उपचार करवाकर घर लौट रहा था, अचानक उसकी कार में आग लग गई। वह एकबारगी घबराकर कार से उतर गया। परन्तु आग अचानक भड़क गई और लोगों व उसने बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक कार धू-धूकर जलने लगी और महिलाओं को नहीं बचाया जा सका। पुलिस मौके पर पहुंची है और मामले की जांच कर रही है।
चितलवाना से बाड़मेर के समीप यह हादसा पेश आना बताया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद चितलवाना पुलिस रवाना हुई और मौके पर पहुंचकर स्थिति को देखा, लेकिन तब तक महिलाओं की मौत हो चुकी थी और बच्चों को निकाला जा चुका था। ग्रामीणों का कहना है कि दीपाराम अपने एक बच्चे की स्वास्थ्य जांच के लिए उसे अस्पताल ले गया था, लेकिन किसे मालूम था कि इस तरह हादसे में उसका पूरा परिवार ही बिखर जाएगा। चितलवाना के थाना प्रभारी तेजूसिंह राठौड़ ने बताया कि मामले में पुलिस जांच कर रही है। साथ ही शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया जा रहा है। जिन्हें अन्त्य परीक्षण के बाद परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।