
तेल भरते ग्रामीण व सड़क पर पलटा टैंकर। फोटो: पत्रिका
जालोर। सांचौर क्षेत्र से गुजरने वाले नेशनल हाइवे-68 पर डेडवा सरहद में तेल (सूरजमुखी तेल) से भरा एक टैंकर असंतुलित होकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर में भरा तेल सड़क पर बहने लगा। सड़क पर तेल फैलने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बाल्टियां और ड्रम लेकर मौके पर पहुंच गए और सड़क पर बिखरे तेल को भरकर ले जाने लगे। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार रविवार दिन में जालोर जिले में डेडवा सरहद के पास नेशनल हाइवे-68 पर तेल से भरा टैंकर अचानक संतुलन बिगड़ने से पलट गया। टैंकर पलटने से उसमें भरा तेल सड़क पर फैल गया। तेल बिखरने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। कई ग्रामीण बाल्टियां और ड्रम लेकर पहुंचे तथा सड़क पर फैले तेल को एकत्रित कर अपने साथ ले जाने लगे।
टैंकर के हाइवे के बीचों बीच पलटने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। हाइवे से गुजरने वाले वाहनों को टैंकर के पास से किनारे होकर निकलना पड़ा। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा और यातायात बाधित रहा। घटना की सूचना मिलने पर सांचौर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
हादसे के बाद टैंकर शाम तक हाइवे पर ही पड़ा रहा। इसके चलते दिनभर यातायात प्रभावित होता रहा और वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। इस दौरान हाईवे की पेट्रोलिंग टीम की कार्य प्रणाली पर भी सवाल उठे। आरोप है कि टीम समय पर मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारु करने के लिए प्रभावी व्यवस्था नहीं कर सकी और न ही सड़क के बीचोंबीच पलटे टैंकर को हटाने की व्यवस्था की गई।
नेशनल हाईवे जैसे व्यस्त मार्ग पर हादसे के बाद लंबे समय तक टैंकर का सड़क पर पड़ा रहना यातायात प्रबंधन और दुर्घटना के बाद त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। हालांकि, हादसे में किसी के घायल होने या अन्य नुकसान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई।
Updated on:
26 Oct 2026, 2:58 PM IST
Published on:
26 Oct 2026, 2:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.