
जवाई बांध में इस बार पानी की आवक नहीं होने से विकट हालात बनेंगे (पत्रिका फोटो)
जालोर: इस बार कम बारिश का असर जवाई कमांड एरिया पर भी दिखाई देने लगा है। जवाई बांध में पानी की कम आवक के चलते आहोर क्षेत्र के 24 राजस्व गांवों को रबी की बुवाई के लिए सिंचाई का पानी नहीं मिल पाएगा। केवल सिंचाई के वैकल्पिक साधनों पर निर्भर क्षेत्र में ही इस बार बुवाई हो सकेगी। जवाई बांध पर पाली जिले की पेयजल जरूरतें निर्भर हैं। पर्याप्त पानी उपलब्ध होने पर दोनों जिलों के किसानों को रबी की बुवाई के लिए सिंचाई का पानी मिलता है। मौजूदा जल उपलब्धता को देखते हुए पाली जिले की पेयजल योजना के लिए भी पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण हो रहा है।
गौरतलब है कि जालोर और पाली जिले में कुल 38 हजार हेक्टेयर क्षेत्र जवाई बांध के पानी से सिंचाई पर निर्भर है। पानी की पर्याप्त आवक होने पर दोनों जिलों के कमांड एरिया में सिंचाई के लिए पानी छोड़ा जाता है, लेकिन इस बार हालात अलग हैं। जवाई बांध से जुड़े क्षेत्रों में हर साल बांध के जलस्तर और उपलब्ध पानी के आधार पर सिंचाई के लिए पानी छोड़ा जाता है। इस बार कम बारिश के कारण बांध में अपेक्षित पानी की आवक नहीं हो सकी। ऐसे में पहले पेयजल जरूरतों को पूरा करना जरूरी होगा।
आहोर क्षेत्र के जवाई कमांड एरिया में शामिल 24 राजस्व गांवों के किसानों को इसका सीधा असर झेलना पड़ेगा। सिंचाई के लिए जवाई बांध पर निर्भर किसानों को इस बार रबी की फसल के लिए नहर के पानी का लाभ नहीं मिल पाएगा। इससे फसलों की बुवाई और सिंचाई की व्यवस्था किसानों के लिए चुनौती बनेगी।
कम बारिश से जवाई बांध में पानी की आवक प्रभावित हुई है। पेयजल जरूरतों को प्राथमिकता दिए जाने के कारण इस बार आहोर क्षेत्र के कमांड एरिया में जवाई बांध से सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पाएगा।
गुड़ा इंद्रपुरा, रोडला, कवराड़ा, नारवणा, मानपुरा, उखरड़ा, चांदराई, पादरली, बिठुड़ा, जोड़ा, अगवरी, मोरु, उम्मेदपुर, मालपुरा, बेदाना कला, बेदाना खुर्द, हरियाली, सुगालिया बालोतान, सेदरिया, पावटा, रसियावास कला, रसियावास खुर्द और अलावा बी।
61.25 फीट है जवाई बांध की कुल भराव क्षमता।
22.95 फीट वर्तमान में बांध में पानी का स्तर।
7,327.5 एमसीएफटी है बांध की कुल जल क्षमता।
1,405.8 एमसीएफटी पानी वर्तमान में मौजूद है।
इस बार पूरे प्रदेश में कम बारिश हुई। जवाई कमांड क्षेत्र को भी बारिश का इंतजार रहा। इसका नतीजा यह रहा कि इस सीजन में जवाई बांध अपनी भराव क्षमता के आधे स्तर तक भी नहीं भर पाया। ऐसे में कमांड एरिया को इस बार सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पाएगा।
-ईश्वरसिंह थुबा, किसान नेता
इस बार पानी की आवक पर्याप्त नहीं हो पाई है। वर्तमान में पेयजल योजना के लिए ही पानी की आपूर्ति की जा रही है।
-राज भंवरायत, एक्सईएन, जवाई बांध
Updated on:
12 Oct 2026 03:13 pm
Published on:
12 Oct 2026 03:13 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
