Rajasthan : जालोर. एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में एसओजी ने दो साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी अतुल विश्नोई उर्फ श्रीराम विश्नोई निवासी श्रीराम दांतीवास गांव, थाना भीनमाल, जिला जालोर है। आरोपी पेपर लीक गिरोह के सरगना जगदीश विश्नोई और ओमप्रकाश ढाका गैंग का सदस्य बताया गया है। एसओजी के एडीजी विशाल बंसल के अनुसार, जांच में सामने आया कि आरोपी ने लीक प्रश्नपत्र जोधपुर के दिनेश विश्नोई को 15 लाख रुपए और सुभाष विश्नोई को 20 लाख रुपए में उपलब्ध कराया था। आरोपी ने जगदीश विश्नोई के हैंडलर के जरिए लिखित परीक्षा से पहले पेपर दोनों अभ्यर्थियों तक पहुंचाया था। इसके आधार पर दोनों का सब-इंस्पेक्टर पद पर अवैध रूप से अंतिम चयन हुआ था।