जालोर

रानीवाड़ा में स्वच्छता अभियान की उड़ रही धज्जियां, पसर रही गंदगी

रानीवाड़ा की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत, स्वच्छता अभियान के तहत भारी बजट आ रहा, लेकिन गांव में गंदगी पसर रही है।
2 min read
Aug 09, 2018
jalore#raniwada
रानीवाड़ा. नालियों के अभाव में सड़क पर फैल रहा पानी,

रानीवाड़ा. रानीवाड़ा कल्ला के प्रत्येक मोहल्ले आस पास इन दिनों गंदगी पसर रही हैं। इसके चलते लोगों में रोष है।
ग्रामीणों का कहना हैं कि उपखण्ड रानीवाड़ा की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत की ओर से स्वच्छता अभियान के तहत भारी बजट आ रहा है, लेकिन गांव में गंदगी पसर रही है। नट कॉलोनी से गुजरने वाली मुख्य सड़क कई गांवों को जोड़ती है। उपखण्ड कार्यालय, तहसील कार्यालय, उप कोष कार्यालय, वन विभाग, जलदाय विभाग, दूरसंचार विभाग सहित कई विभागों के आला अधिकारी इसी रास्ते से गुजरते हंै, लेकिन गंदगी पर किसी अधिकारी की नजर नहीं जा रही। इसी रास्ते पर शिवालय भी है, जहांसावन मास में प्रतिदिन श्रद्धालु जा रहे हैं। गंदगी के कारण लोगों का जीना मुहाल हो रहा है। ग्राम पंचायत इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। इससे बीमारियां फैलने का भय सता रहा है। मोहल्लों में नालियां तक नहीं बना रखी, जिससे जल-मल मार्ग में फैला रहता है। मुख्य सड़क परनाला बड़ा होने से ग्रामीणों को आवाजाही में मुश्किल हो रही है। ग्राम विकास अधिकारी रामाराम ने बताया कि नट कॉलोनी में गंदे पानी फैलने की समस्या का समाधान करवाएंगे। सरपंच रिडमलसिंह डाभी ने बताया कि गंदा पानी नट कॉलोनी से आता है तथा साथ ही कुछ घरों में पीने के पानी के टांके ओवरफ्लो होने से पानी सड़क पर आता है। जलदाय विभाग में शिकायत की गई है। दुकानदार केराराम चौधरी ने बताया कि मेरी दुकान के बाहर नाला होने से हर समय परेशानी रहती है। ग्रामीण सांकलाराम राणा ने बताया कि सफाई नहीं होने से परेशान हैं। नानजीराम चौधरी, करन माली ने भी समस्या बताई।
नाक बंद कर गुजरते हैं लोग
गांव में नट कॉलोनी से निकलने वाला बदबूदार पानी होने से लोगों को नाक पर रूमाल बांध कर निकलना पड़ रहा है। दुकानों के आगे गंदगी होने से ग्राहक परेशान है। नाला पार कर दुकानों में जाना भी कई बार भारी पड़ता है। इससे ग्राहकी पर बुरा असर पड़ रहा है।

नालियां बनवाएंगे...
ग्राम पंचायत रानीवाड़ा कल्ला में गंदगी फैली हुई है, जिसके लिए सफाई करवाई जाएगी। स्थाई समाधान के लिए नई नाली का निर्माण करवाया जाएगा।
-हनुमानसिंह राठौड़,उपखण्ड अधिकारी, रानीवाड़ा
मैं तो खुद परेशान हूं...
मैं खुद गंदगी देख कर परेशान होता हूं। कुछ दिन पूर्व ग्राम पंचायत को लिखित आदेश देकर समस्या का समाधान को आदेशित कर रखा है। जल्द ही सफाई करवाई जाएगी।
- भंवरसिंह चारण, विकास अधिकारी, रानीवाड़ा

Published on:
09 Aug 2018 03:01 pm