
जालोर।
Loksabha election 2019 को लेकर सोमवार को राजीव गांधी भवन में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से रायशुमारी करने आए कांग्रेस के प्रदेश सहप्रभारी विवेक बंसल की मौजूदगी में ही दो पक्ष टकरा गए। घटनाक्रम प्रभारी के कमरे के बाहर हुआ।
असल में कार्यकर्ता उनसे मिलने के लिए एक-एक कर कतारबद्ध खड़े थे। भीनमाल विधानसभा क्षेत्र से पूर्व में प्रत्याशी रहे उमसिंह भी अपने समर्थकों के साथ कतार में खड़े थे। तभी कतार में खड़े कुछ अन्य कार्यकर्ताओं ने बागियों को बाहर भगाओ के नारे लगा दिए, जिससे माहौल बिगड़ गया।
बागी का आरोप लगाया तो कार्यकर्ता परस्पर टकरा गए। धक्का-मुक्की होने पर भीनमाल से प्रधान रहे देराम बिश्नोई नीचे गिर गए। इससे उनके समर्थक भी गुस्सा गए। दोनों पक्षों में लड़ाई हो गई तथा लात-घूंसे तक चले।
मामला बिगड़ते देखकर कुछ पदाधिकारियों ने सह प्रभारी को जानकारी देकर बाहर बुलाया। इस पर उन्होंने समझाइश कर मामला शांत करवाया। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस की गत 13 जनवरी को भी रायशुमारी के लिए आयोजित बैठक में भी दोनों पक्ष टकराए थे और लात-घूंसे चले थे।