
जालोर. तापमापी के पारे में एक बार फिर हलचल दर्ज की जा रही है। इन दिनों पारा ऊपर चढ़ रहा है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी के कारण सर्दी से अपेक्षाकृत राहत का अहसास किया जा रहा है। हालांकि रात को सर्दी का असर अब भी बरकरार ही है, लेकिन दिन को कुछ राहत मिल रही है। पिछले दो दिनों से हवा की गति भी मंथर पड़ गई है, जिससे शीतलहर से भी निजात मिल रही है। पिछले सप्ताहभर में अधिकतम तापमान जहां ती डिग्री तक चढ़ गया है वहीं न्यूनतम तापमान भी दो डिग्री तक बढ़ चुका है। ऐसे में सर्दी छूमंतर सी होती नजर आ रही है। हालांकि मौसम विशेषज्ञ बताते हैं कि सर्दी अभी कम नहीं हुई है। आगामी दिनों में वापस चमक सकती है।
दिन में उतर रहे गर्म कपड़े
सर्दी का असर कम होने से दिन में लोगों के गर्म कपड़े उतर रहे हैं। तेज सर्दी में लोग दिन में भी भारी-भरकम लबादों में लिपटे नजर आ रहे थे, लेकिन सप्ताहभर से स्थिति बदल गई है। इन दिनों लोग दिन में भारी-भरकम गर्म कपड़ों से परहेज कर रहे हैं।
लगातार बढ़ रहा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार गत सप्ताहभर से तापमान लगातार बढ़ रहा है। 27 दिसम्बर को अधिकतम तापमान 28 डिग्री व न्यूनतम 6 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं 28 को 29 व 6, 29 को पारा इसी सूचकांक पर स्थिर रहा। 30 को 30 व 7, 31 दिसम्बर को 29 व 8, एक जनवरी को 31 व 8 तथा 2 जनवरी को अधिकतम तापमान 31 व न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।