- जोधपुर से राज परिवार का आना जाना था जसवंतपुरा के लोहियाणा गढ़, इसलिए बनाई गई थी हेलीपेड
जसवंतपुरा. राजे-रजवाड़ों के समय जोधपुर के पूर्व नरेश जसवंतसिंह के जसवंतपुरा पहुंचने के लिए बनी हवाई पट्टी की भूमि आज भूमि माफियाओं ने कब्जा ली है। पूर्व नरेश जब भी जसवंतपुरा पहुंचते थे तो उनका विमान यही उतरता था, इसके लिए यहां हवाई पट्टी बना रखी थी। बाद में पूर्व नरेश का यहां आना जाना कम हुआ तो उन्होंने यह भूमि यहां विद्यालय निर्माण के लिए दे दी। आज यह भूमि यहां के राजकीय विद्यालय के अधीन है, लेकिन विद्यालय को सौंपी गई जमीन के बड़े हिस्से पर अतिक्रमण हो गए हैं। जसवंतपुरा कस्बे के सरकारी अस्पताल के पीछे करीब ७ बीघा जमीन पर हवाई पट्टी थी, पूर्व नरेश जसवंतसिह जब भी लोहियाणा गढ़ प्रवास पर होते थे तो इसी हवाई पट्टी से जसवंतपुरा तक पहुंचते थे। आज विद्यालय प्रशासन की उदासीनता व बजट के अभाव के कारण इस जमीन सुरक्षित नहीं है और पर भू-माफियों की नजर टिकी हुई है। भूमाफियों के द्वारा इस क्षेत्र में बड़े स्तर पर अतिक्रमण किया जा चुका है। इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसके अलावा जसवंतपुरा उम्मेद बांध के पास भी विद्यालय को सुपुर्द की गई जमीन पर अवैध खनन हो रहा है। विधालय प्रशासन व उच्चाधिकारियों की अनदेखी के कारण करोड़ों की जमीन अतिक्रमण की जद में हैं।
विद्यालय प्रशासन लाचार
कस्बे के आदर्श राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रशासन के पास ६०० बीघा जमीन पड़ी है। परंतु विद्यालय प्रशासन व उच्चाधिकारियों के द्वारा इस जमीन पर हो रहे अतिक्रमण के मामलों को अनदेखा किया जा रहा है। आज सरकारी जमीन पर रातों रात कब्जे कर रजिस्ट्रियां की जा रही है।
इनका कहना
करीब चार साल पहले सरकारी विद्यालय भूमि की पैमाइश करवाई थी, उसके बाद विद्यालय प्रशासन ने कोई भी कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद लोगों ने वापस अतिक्रमण कर दिया है।
- कौशल्या देवी खंडेलवाल, सरपंच, जसवंतपुरा
विद्यालय की भूमि पर अतिक्रमण हो रहा है। हमने कई बार विद्यालय प्रशासन को अवगत करवाया, लेकिन विद्यालय प्रशासन व उच्चाधिकारियों की अनदेखी के चलते कोई कार्रवाई नहीं हो रही।
- मोतीलाल पुरोहित, ग्रामीण