जालोर

18.74 करोड़ की लागत से 97 साल बाद बदल रहा जालोर रेलवे स्टेशन, यात्रियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

Jalore Railway Station: जालोर रेलवे स्टेशन का अमृत भारत योजना के तहत कायाकल्प किया जा रहा है। साल 2023 में शुरु हुआ कार्य अब अपने अंतिम चरण में है। बुकिंग काउंटर नए भवन में संचालित होने लगा है। इसके साथ ही स्टेशन पर बड़े परिवर्तन हुए हैं।

3 min read
May 05, 2026
जालोर रेलवे स्टेशन का नया भवन (फोटो-पत्रिका)

जालोर। उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत जालोर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प किया जा रहा है। लगभग 18.74 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो रहा यह स्टेशन यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

स्टेशन परिसर को स्थानीय संस्कृति की झलक देते हुए हेरिटेज लुक प्रदान किया जा रहा है। साथ ही यात्रियों को बारिश और धूप से बचाने के लिए आधुनिक शेड, प्रवेश एवं निकास के अलग-अलग द्वार और पर्याप्त पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। जानकारी के मुताबिक, जालोर रेलवे स्टेशन का निर्माण वर्ष 1929 में किया गया था, अब 97 साल बाद इस रेलवे स्टेशन का कायाकल्प हो रहा है।

ये भी पढ़ें

Rajasthan: 52.65 करोड़ की लागत से इंदिरा गांधी नहर पर नए पुलों का हो रहा निर्माण, आवागमन में होगी सुविधा
जालोर रेलवे स्टेशन का पुराना भवन (फोटो-पत्रिका)

स्टेशन पर इन चीजों का हो रहा निर्माण

नए स्टेशन भवन में प्रतीक्षालय, बुकिंग कार्यालय, प्रतीक्षा कक्ष, वीआईपी कक्ष, डॉर्मिटरी तथा रिटायरिंग रूम में पेंटिंग एवं फिनिशिंग तथा स्टेशन भवन तथा प्रवेश द्वार पर पत्थर एलिवेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है। सभी अटैच टॉयलेट में सेनेटरी फिटिंग्स लगाने का कार्य जारी है। शौचालय ब्लॉक में सेनेटरी फिटिंग्स और जल कक्ष का निर्माण प्रगति पर है। इसके साथ ही विद्युत पैनल कक्ष की चिनाई पूर्ण, सर्कुलेटिंग एरिया में पत्थर कॉपिंग एवं पेंटिंग का कार्य जारी, पुराने भवन पर स्टोन एलिवेशन का कार्य जारी है।

12 मीटर चौड़ा बना पैदल पुल

आधुनिक प्रतीक्षालय, सुसज्जित वीआईपी कक्ष एवं उत्तम बैठने की व्यवस्था की जा रही है। इसी तरह से अलग से शौचालय एवं दिव्यांगजनों के लिए विशेष शौचालय और रैंप निर्माण, 12 मीटर चौड़ा ऊपरी पैदल पुल (एफओबी), प्लेटफार्म पर नए आश्रय (शेल्टर), पानी बूथ और शौचालय ब्लॉक, और बेहतर संकेत चिन्ह, कोच डिस्प्ले बोर्ड, स्मारकीय झंडे और आकर्षक फर्नीचर की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस कायाकल्प के बाद जालोर रेलवे स्टेशन यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक सुविधाओं से युक्त अनुभव प्रदान करेगा। साथ ही स्थानीय संस्कृति की झलक दिखाते हुए यह स्टेशन क्षेत्रीय विकास और पर्यटन को भी नई दिशा देगा।

इस तरह के कार्य भी होंगे

जालोर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर दो की शिफ्टिंग होगी। यानि पूरा प्लेटफार्म तोड़ा जाएगा। प्लेटफार्म नंबर एक से दो तक पहुंचने के लिए बना पुराना एफओबी भी हटाया जाएगा। नया एफओबी का निर्माण कार्य शुरु कर दिया गया है। दो नंबर प्लेटफार्म का कार्य पूरा होने के बाद उस पर नए बैंच, टीन शेड, वॉटर पाइंट का निर्माण भी करवाया जाएगा। प्लेटफार्म नंबर 1 के समान ही दो नंबर प्लेटफार्म पर भी यात्री सुविधाओं का विस्तार भी अगले वर्ष मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा।

बकाया काम होने के बाद फायदा

समदड़ी-भीलड़ी रेल खंड में राजस्थान का अंतिम जिला मुख्यालय जालोर ही है। इस रेल खंड में जालोर और भीनमाल दो स्टेशन इस योजना में स्वीकृत हुए और दोनों पर ही काम चल रहे हैं। बकाया काम पूरे हो जाने के बाद यात्री सुविधा का विस्तार होगा। भविष्य में दोनों स्टेशन हाईटेक हो जाने के बाद यहां से यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।

इन्होंने कहा-

'अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन पर विकास के कार्य तेजी से चल रहे हैं। बकाया कार्य जल्द से जल्द पूरे करवाए जाएंगे। योजना का उद्देश्य यात्री सुविधाओं का विस्तार करना है।' -हितेष यादव, सीनियर डीसीएम, जोधपुर मंडल

ये भी पढ़ें

MET GALA 2026 : ‘दादी’ गायत्री देवी की साड़ी पहनकर उतरीं ‘पोती’ गौरवी, ‘पोते’ पद्मनाभ का भी जलवा 
Updated on:
05 May 2026 05:49 pm
Published on:
05 May 2026 05:45 pm
Also Read
View All