जालोर

चुनाव ड्यूटी खत्म कर थाने पहुंचे हैड कांस्टेबल ने थाने में फंदा लगाकर की आत्महत्या, पढ़ें क्या हुआ पूरा मामला

चुनाव ड्यूटी खत्म कर थाने पहुंचे हैड कांस्टेबल ने थाने में फंदा लगाकर की आत्महत्या
2 min read
Dec 08, 2018
jalore
jalore

जालोर।

रामसीन थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोदरा ढाणी में चुनावी ड्यूटी के बाद शनिवार अल सवेरे जसवंतपुरा थाने में रुके हैड कांस्टेबल ने फंदा लगाकर आत्महत्या की खबर ने सनसनी मचा दी। इस दौरान मामले में स्थानीय पुलिस ही सवालों के घेरे में हैं। मामले में कई पेंच हैं, जिनके चलते इस घटनाक्रम की जांच की जानी चाहिए थी, लेकिन पुलिस के आला अधिकारियों ने भी इस बिंदुओं को नजर अंदाज कर शव परिजनों को सुपुर्द किया। जबकि सवेरे 4 बजे जसवंतपुरा पहुंचने के करीब एक ही घंटे के बाद सवेरे 5 बजे हैड कांस्टेबल ने आत्महत्या की थी।

पुलिस इस घटनाक्रम में आत्महत्या के कारणों का खुलासा तक नहीं कर पाई है। मृतक मांगीलाल मेघवाल मूल रूप से पाली जिले का निवासी था और सुंधा माता चौकी प्रभारी के रूप में कार्यरत था। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सुपुर्द किया।


ये है पूरा मामला

जसवंतपुरा थाना अन्तर्गत सुंधामाता चौकी में करीब एक वर्ष से कार्यरत हैडकांस्टेबल मांगीलाल मेघवाल ने शनिवार सवेरे 5 बजे जसवन्तपुरा थाने में बनी रसोई के पास बने दो बैरिक के बीच बनी गैलेरी में लोहे की पाइप पर अपने मफलर से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बींजाराम मीणा ने बताया कि सुंधा माता चौकी में हैडकांस्टेबल के पद पर कार्यरत पाली जिले के बाली थाना अंतर्गत पाताना ग्राम निवासी मांगीलाल (48) पुत्र मेघाराम मेघवाल वर्ष 1993 में जालोर जिले में पुलिस सेवा में भर्ती हुआ था और करीब 10 वर्ष पूर्व हैडकांस्टेबल के पद पर प्रमोशन हुआ था। इसके बाद करीब एक वर्ष से सुंधामाता चौकी में हैड कांस्टेबल के पद पर तैनात था।


5 को लगी थी चुनावी ड्यूटी

विधानसभा चुनाव को लेकर 5 दिसंबर को मांगीलाल की रामसीन थाना क्षेत्र के मोदरा ढाणी में ड्यूटी लगी थी। ड्यूटी पूर्ण कर शानिवार तड़के जाब्ते के साथ वह चार बजे के करीब मोबाइल जाब्ते के साथ जसवंतपुरा पहुंचा और चहीं थाने में बने बैरिकों में अन्य साथियों के साथ सो गया।

मौत शक के दायरे में, जांच जरुरी

हैड कांस्टेबल की थाना परिसर में ही आत्महत्या के बाद पुलिस के हाथ पांव फूल गए और थाना प्रभारी पबाराम मीणा ने सवेरे एसपी विकाश शर्मा को घटनाक्रम से अवगत करवाया। जिसके बाद एएसपी बींजाराम मीणा, पुलिस उप अधीक्षक मुमताज खां थाने पहुंचे और मौका मुआयना कर परिजनों को दूरभाष पर घटनाक्रम से अवगत करवाया और परिजनों की मौजूदगी में शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया।

हैड कांस्टेबल मांगीलाल के परिवार का घटना की सूचना के बाद रो-रो कर बुरा हाल है। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीजाराम मीणा, उप अधीक्षक मुमताज खा ने परिजनों को ढांढ़स बंधाया।

हैड कांस्टेबल मांगीलाल अन्य स्टाफ के साथ सवेरे ही यहां रुका था और घंटेभर के भीतर ही यह पूरा घटनाक्रम हुआ। आत्महत्या के कारण सामने नहीं आए है।

- मुमताज खान, पुलिस उप अधीक्षक, रानीवाड़ा

Published on:
08 Dec 2018 08:04 pm