
फैक्ट फाइल
11 जुलाई को छोड़ा गया था पानी
12 जुलाई को सीलू तक पहुंच गया था पानी
6 दिन बाद पानी साफ होने के बाद तैतरोल में पानी का स्टॉक
जालोर. 21 जून को गुजरात में नर्मदा परियोजना के क्लोजर के बाद छोड़ा गया पानी 26 दिन बाद आखिरकार तैतरोल पंपिंग स्टेशन में ले लिया गया। पानी फिल्टर करने के साथ ही सोमवार को ही यहां से बागोड़ा के लिए पानी को छोड़ा गया। इससे पूर्व क्लोजर के 20 दिन गुजरात से पानी छोड़ा गया और यह पानी 12 जुलाई को सीलू हैड तक पहुंच गया। उसके अगले दिन ही पानी तैतरोल में पहुंचना था, लेकिन पानी पहुंचने की रफ्तार धीमी रही, जिससे पहले तो यहां तक पानी पहुंचने में समय थोड़ा ज्यादा लग गया। उसके बाद पानी पहुंचा तो वह पानी साफ नहीं था, जिसके कारण इसे तैतरोल पंपिंग स्टेशन में स्टॉक नहीं किया गया और उसे केनाल में ही बहने दिया गया। करीब 4 दिन तक पानी के बहाव के साथ पानी साफ हुआ और पानी का स्टॉक शुरू किया गया।
शहर में चरमराई पेयजल सप्लाई
पिछले करीब 20 दिन से जालोर शहर में पेयजल संकट की स्थिति बनी हुई थी। नर्मदा परियोजना से पानी नहीं मिलने के अलावा जालोर को पानी की सप्लाई करने वाले ट्यूबवैलों पर बिजली कटौती से भी यह हालात बन रहे थे। 11 जुलाई को नर्मदा केनाल में पानी छोडऩे के साथ निर्धारित समय के अनुसार जालोर को नर्मदा परियोजना से पानी मिलना था, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।जिसके चलते अब तक जालोर में पेयजल संकट के हालात है। यही नहीं जालोर के कई हिस्सों में 96 से 120 घंटे में बमुश्किल एक बार पानी की सप्लाई की जा रही है। पानी की उपलब्धता में कमी के चलते विभाग ओर से पानी की मात्रा भी कम दी जा रही है। इधर, पानी का इंतजार बढऩे से लोगों की दिक्कतें बढ़ रही है।
बागोड़ा तक पहुंचने के साथ उम्मेदाबाद के लिए पंपिंग
विभागीय अधिकारियों की मानें तो तैतरोल से सोमवार दोपहर में ही पंपिंग शुरू कर दी गई। संभावना जताई जा रही थी कि देर रात में पानी बागोड़ा पंपिंग स्टेशनतक पहुंचना शुरू हो जाएगा। जिसके बाद मंगलवार दोपहर या शाम तक उम्मेदाबाद में पानी स्टॉक के साथ पानी की पंपिंग जालोर के लिए शुरू कर दी जाएगी। सब कुछ ठीक रहा तो मंगलवार देर रात में ही पानी जालोर शहर के सीटी हैड तक पहुंचना शुरू हो जाएगा
बदबूदार था पानी
नर्मदा परियोजना से तैतरोल से पानी पहुुंचने के साथ उसे स्टॉक किया जाना था, लेकिन केनाल 20 दिन तक बंद रहने से उसमें कचरा और अपशिष्ट जमा था।ऐसे में शुरुआत में गंदगी होने के साथ पानी बदबू भी मार रहा था। ऐसे में विभाग के अधिकारियों ने पानी को वॉश आउट करना ही ठीक माना और पानी को प्लॉट में स्टॉक नहीं करके केवल बहाया गया।
इनका कहना
सोमवार को पानी साफ होने के साथ तैतरोल पंपिंग स्टेशन पर पानी का स्टॉक शुरू कर दिया गया।साथ ही पानी फिल्टर करने के बाद बागोड़ा के लिए पानी की पंपिंग शुरू की गई। मंगलवार तक पानी जालोर तक पहुंच जाना चाहिए।
- केएल कांत, एसई, नर्मदा परियोजना