
(जम्मू):जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल एन एन वोहरा की अध्यक्षता में अमरनाथ यात्रा की समीक्षा की गई। अमरनाथ श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी उमंग नरुला और अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी भूपिंदर कुमार ने सूचित किया कि यात्रा के 12वें दिन 9,606 तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा में पूजा अर्चना की। अब तक 1,04,018 तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा में दर्शन किए हैं। नरूला ने बताया कि यात्रा के शुरुआती ग्यारह दिनों के दौरान, जम्मू से कश्मीर घाटी के तीर्थयात्रा को तीन बार भूस्खलन और बारिश के कारण निलंबित करना पड़ा।
आतंकवादी बुरहान वानी की दूसरी बरसी पर एक दिन के लिए रोकी गई अमरनाथ यात्रा सोमवार को दोबारा शुरू कर दी गई। यात्रा बहाल होने की सूचना उन हजारों श्रद्धालुओं के लिये बड़ी राहत लेकर आई है जो विभिन्न कारणों से यहां फंसे हुए थे। मुख्य रूप से कई श्रद्धालु 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा के पास मौसम खराब होने के चलते फंसे हुए थे।
अधिकारियों ने बताया कि 1,360 महिलाएं एवं 222 साधु समेत सोमवार को कश्मीर में बालटाल एवं पहलगाम आधार शिविरों के लिए 6162 यात्री रवाना हुए। उन्होंने बताया कि ये श्रद्धालु सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच भगवती नगर आधार शिविर से दो टुकड़ियों में रवाना किए गए हैं। उधर, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी यातायात बहाल हो गया है।
बार-बार इन वजहों से रोकी गई यात्रा
बता दें कि बीते दिनो खराब मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा को कई बार रोक दिया गया था। बुरहान वानी की दुसरी बरसी पर तनावपूर्ण हालातों के चलते भी यात्रा को रोका गया था। उल्लेखनीय है कि बुरहान वानी के जनाजे में लाखों युवाओं ने भाग लिया था जिससे घाटी में तनाव फैल गया था। इस बार ऐसा कुछ भी न हो इसलिए सर्तकता बरतते हुए बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों के तैनाती घाटी में कर दी गई। ऐसे संवेदनशील माहौल के बीच यात्रा को रोक दिया गया। शांति के साथ अमरनाथ यात्रा पूरी हो जाएं इसके लिए सुरक्षाबल और प्रशासन हर मोर्चे पर सजग है। राज्यपाल भी लगातार यात्रा की समीक्षा कर रहे है।