Jammu Kashmir: सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए बीएसएफ ने पाकिस्तानी घुसपैठिए को गुरुवार को मार गिराया था। वहीं शनिवार को...
जम्मू. सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए बीएसएफ ने पाकिस्तानी घुसपैठिए को गुरुवार को मार गिराया था। वहीं शनिवार को भारतीय सेना ने पाकिस्तानी रेंजर्स को घुसपैठिए का शव सौंप दिया है। उसकी पहचान नियाज अहमद पुत्र फिरोज दीन निवासी शंकरगढ़ पाकिस्तान के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश और कम दृश्यता के बीच घुसपैठिया गुरुवार रात 10 बजे सीमा की तरफ तेजी से बढ़ रहा था। सांबा सेक्टर के मंगुचक क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा की रक्षा कर रहे 173वीं वाहिनी बीएसएफ के जवानों ने संदिग्ध हलचल देखी। कई बार चेतावनी देते हुए गोलियां चलाईं गईं लेकिन घुसपैठिया आगे बढ़ता रहा। इसके बाद गोलीबारी के दौरान उसकी मौत हो गई। बारिश और धुंध के बीच जीरो लाइन से उसका शव कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई एलओसी के पहाडी क्षेत्रों में बर्फबारी से रास्ते बंद होने के बाद अब आईबी पर घुसपैठ कराने की कोशिश में है। खुफिया सूत्रों के अनुसार आईबी पर आतंकवादी घुसपैठ के लिए गत कई दिनों से तैयार बैठे हैं। खराब मौसम की आड़ में घुसपैठ की कोशिशें हो रही हैं। पाकिस्तानी रेंजरों की ओर से हीरानगर क्षेत्र में लगातार गोलाबारी की जा रही है। इसकी आड़ में सांबा सेक्टर से घुसपैठ की कोशिश की जा रही है। पिछले दिनों एक इनपुट के बाद इसी क्षेत्र में बीएसएफ व पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया था। बीएसएफ के डीआईजी भी मौके पर पहुंचे थे।