
आनन्द त्रिपाठी की स्पेशल रिपोर्ट...
(श्रीनगर): घाटी के युवाओं में जिस तेजी से आतंकी तंजीमों (संगठन) में शामिल होने का सिलसिला चल रहा है, इससे पुरानी तंजीमों को भी अपने पैर पसारने का फिर से मौका मिल गया है। फिर चाहे बात तहरीक-ए-उमर की हो या फिर हरकत-उल-मुज्जाहिदीन की। इस फेहरिस्त में अल-उमर-मुज्जाहदीन, अल बद्र, हरकत-उल-जेहाद-उल इस्लामी, अंसार-गजवात-उल-हिंद और हरकत-उल-अंसार सहित करीब एक दर्जन संगठन शामिल हैं। बड़ी बात यह है कि इन संगठनों के अलावा कई छोटे संगठन भी सक्रिय हो हैं। घाटी के शांति पसंद लोग भी इनकी सक्रियता से सहमें हुए हैं।
पुराने लोग ही दे रहे युवाओं को प्रशिक्षण
बताते हैं कि 90 के दशक की यह तंजीमें 2000 के बाद मृतप्राय हो चुकी थी,लेकिन अब यह फिर से सक्रिय हो गए हैं। 90 के दशक में युवाओं को सीमा पार भेजकर प्रशिक्षण दिया जाता था लेकिन अब युवाओं को अब प्रशिक्षण के लिए पाकिस्तान जाने की भी जरूरत नहीं है। आतंक के पुराने खिलाड़ी ही नए लडक़ों के उस्ताद बन गए हैं। इन्हें कश्मीर के जंगलों में ही प्रशिक्षण दे रहे हैं। फिर चाहे किसी को बधंक बनाने की बात हो या फिर सैन्य बलों को चकमा देने की।
युवाओं का बढ रहा आर्कषण,आतंकी संगठनों को मिल रहा बल
सैन्य बलों की नई सूची में भले ही करीब 250 आतंकियों का नाम हो, लेकिन यह तादाद इससे कहीं ज्यादा है। लश्कर-ए-तैयबा, आईएसजेके, हिजबुल मुज्जाहददीन और जैश-ए-मोहम्मद के अलावा भी कई संगठन अब तेजी से अपनी तादाद और ताकत बढऩे में जुटे हैं। कैच नहीं कैश भी कर रहे हैं कश्मीर विश्वविद्यालय के एक प्रोफेसर नाम न छापने की शर्त पर बतातें हैं कि युवाओं के आतंक के प्रति बढ़े आकर्षण ने इन मृत संगठनों को पानी दे दिया है। अब यह संगठन युवाओं की भावनाओं को न केवल कैच कर रहे हैं बल्कि इनके कैश करने से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। आखिर उनका जा ही क्या रहा है। युवा खुद ही आगे आ रहे हैं। वह भी बिना किसी पहल के और हथियार के लिए शोपियां से नया पैटर्न जो उभरा है। उसने तो आतंकी संगठनों के हथियार की समस्या को हल ही कर दिया । पाकिस्तान को भी अब पैसे भेजने के अलावा कुछ करना नहीं है और पैसा भेजना कितना आसान है। यह सभी जानते हैं।
युवा चल रहे भेड चाल
पाकिस्तान नहीं अब स्थानीय विश्वविद्यालय में ही एक रिसर्चर बताते हैं कि पाकिस्तानी आतंकियों का वो दौर अब खत्म हो गया है। अब जो युवा आगे आ रहे हैं न तो वह पाकिस्तान को मान रहे हैं और न ही भारत की मानना चाहते हैं। इससे जो गड़बड़ी पैदा हो रही है, वह न थमने वाली है। युवा स्थानीय हैं तो इसके कारण स्थानीय लोगों को कहीं न कहीं जुड़ाव बढ़ा है। यही वजह है कि घाटी में एक युवा गोलियों का शिकार हो रहा हैं तो दस उसके नक्शे कदम पर चलने को तैयार हो रहे हैं। आतंक का चक्र स्थान बदलता रहा है। राजनीतिज्ञ भले ही यह बयानबाजी कर रहे हों कि यह चार या फिर पांच जिलों का मसला है लेकिन घाटी की हकीकत इससे उलट है।
इस विषय पर शोध करा रहे कश्मीर विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर फाइल दिखाते हुए कहते हैं कि आतंक घाटी के एक बड़े हिस्से में है और मौजूद रहता है। बस समय के अनुसार यह चक्र बदलता रहता है। 90 के दशक में श्रीनगर बहुत एक्टिव था तो अब शोंपिया हैं। उत्तर में पहले कुपवाड़ा, उरी और बारामूला था तो अब पुलवामा, कुलगाम सहित मध्य के अन्य इलाके हैं। जब पाकिस्तान से समर्थन मिल रहा था तो उत्तर से सटे इलाके में ज्यादा सक्रियता अब स्थानीय समर्थन है तो मध्य और दक्षिण में ज्यादा प्रभाव है। जहां भी सैन्य बलों की प्रभाव कम दिखता है। यह भी अपनी सुविधा के अनुसार शिफ्ट करते हैं। हाजिन और बांदीपुरा के इलाके दशकों से सक्रिय हैं।