
जांजगीर-पामगढ़. पामगढ़ थानांतर्गत ग्राम भैसों में जमीन विवाद पर जानलेवा हमला करने वाले एक ही परिवार के चार लोगों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया है। घटना १३ जनवरी की है। पुलिस को अब तक डॉक्टरी मुलाहिजा की रिपोर्ट नहीं मिल पाई थी। जिसके चलते आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी। डॉक्टरी मुलाहिजा की रिपोर्ट मिलने के बाद शनिवार की सुबह पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया है।
पामगढ़ पुलिस के अनुसार ग्राम भैंसो में रामचरण श्रीवास पिता कुंदरू राम का रामखिलावन के साथ जमीन संबंधित पुराना विवाद था। दोनों सगे भाई हैं। 13 जनवरी को दोनों आपस में जमकर लड़ाई हो गई। लड़ाई बढ़ते गई और रामखिलावन ने अपने बेटे मनबोध, चंद्रहास और बहू कृष्णा बाई के साथ मिलकर रामचरण पर जानलेवा हमला कर दिया था। मारपीट में रामचरण व रामकली बाई को गंभीर चोटें आई थी। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ में भर्ती कराया गया था। रामचरण की रिपोर्ट पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 307 के तहत जुर्म दर्ज किया था। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी फरार थे।
इधर पुलिस को डॉक्टरी मुलाहिजा की रिपोर्ट भी नहीं मिल पाई थी। इस कारण मामला माह भर पेंडिंग था। मुलाहिजा रिपोर्ट में डॉक्टर ने गंभीर चोट बताया जिसके इस आधार पर पुलिस ने रामखिलावन व उसके बेटे मनबोध, चंद्रहास और बहू कृष्णा बाई के खिलाफ धारा 307 के तहत जुर्म दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।
वहीं दूसरी ओर 23 फरवरी को मुलमुला थाना अंतर्गत तिवारी पेट्रोल पंप के पास हुए एक्सीडेंट में एक बाइक सवार की मौत के बाद वहां पांच घंटे तक ग्रामीणों ने एनएच में चक्काजाम कर दिया था। इतना ही नहीं वहां मौजूद आक्रोशित लोगों ने रास्ते से गुजर रहे लोगों ने केएसके प्रबंधन के अधिकारियों से भी बदसलूकी की थी। जिसके चलते पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया था। गौरतलब है कि दुर्घटना के बाद मौके से गुजर रहे देवाशीष चतुर्वेदी, डॉ. गौरीशंकर सतपथी को अश्लील गाली गलौच भी की थी। उनसे मारपीट भी किया गया था। इसके अलावा बस के शीशे तोड़ दिए थे। जिसके चलते मौके पर तफरा-तफरी का आलम था। पुलिस ने अज्ञात 15-20 लोगों के खिलाफ धारा १४७, २९४, ३२३, ४२७ के तहत जुर्म दर्ज किया है।