
शिवरीनारायण. एक ओर लोग होली का पर्व मनाने में व्यस्त थे, तभी गांव में हुई युवक की हत्या की खबर से क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया। रक्त से सनी युवक के शव को जिस किसी ने भी देखा सब की आंखों में आंसू आ गए। युवक की हत्या से गांव वालों में आक्रोश पनप उठा। लोगों ने पुलिस को भी शव उठाने से मना कर दिया। लोगो का कहना था कि जब तक युवक के माता-पिता नहीं आ जाते और युवक की हत्या करने वाले को नहीं पकड़ा जाएगा तब तक शव को कही नहीं ले जाने दिया जाएगा।
घटना होली के दिन शिवरीनारायण थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम मुड़पार की है। होली दहन की रात हुई युवक की हत्या से गांव में सन्नाटा पसर गया। मनहरण साहू अपने परिवार के साथ मुड़पार गांव में रहता है। मनहरण की माली हालत ठीक नहीं होने के कारण वह अपने दो पुत्रों को घर मे छोड़ कर कमाने खाने बैंगलौर चला गया। मनहरण का बड़ा लड़का हरिहर साहू और उसका छोटा भाई दोनों घर मे रहा करते थे।
होली दहन की रात्रि को हरिहर का छोटा भाई अपने दोस्तों के साथ होलीका दहन करने चला गया। हरिहर साहू (1८) अपने घर मे अकेला था। इसी दरमियान अज्ञात व्यक्ति ने उसकी हत्या कर दी। युवक के चेहरे पर गम्भीर चोट के निशान मिले है। जिससे प्रतीत हो रहा है कि युवक की हत्या सिर और चेहरे पर हमला करने से हुई है। युवक का शरीर खून से लथपथ शौचालय में पड़ा मिला।
हत्या करने के बाद युवक की लाश को कमरे से घसीटते हुए घर के शौचालय में फेंक दिया गया। युवक की हत्या करने के बाद सबूत मिटाने की भी कोशिश की गई है। कमरे के दीवाल में खून के छीटे को साफ करने को कोशिश की गई है। जानकारी के अनुसार मृतक कक्षा 11वी महंत लाल दास स्कूल शिवरीनारायण में अध्ययनरत था।
मृतक का छोटा भाई जब घर पहुंचा तब घर मे फैले सामान को देख व खून की छीटे दीवार पर देख घबरा गया और इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। लोगों ने सरपंच के माध्यम से जानकारी पुलिस को दी। शिवरीनारायण पुलिस घटना स्थल पहुंची तो लोगों का आक्रोश पुलिस पर फूट पड़ा और किसी भी पुलिस वाले को घटनास्थल पर जाने नहीं दिया गया।
शिवरीनारायण थाना प्रभारी उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन पर एस डीओपी सीडी तिर्की डॉग स्क्वायड के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाश दी तब जाकर गांव वालों ने पुलिसकर्मियों को घर के अंदर घुसने दिया। घटनास्थल जांच के दौरान क्राइम ब्रांच प्रभारी विजय चौधरी भी अपनी टीम के साथ आ पहुंचे। क्राइम ब्रांच और पुलिस की संयुक्त टीम घटनास्थल का मुआयना किया, लेकिन हत्या से सम्बंधित कोई प्रकार का साक्ष्य नहीं मिल पाया।
पुलिस द्वारा लोगों को समझाते हुए रात्रि 12 बज गए। इसके बाद लोगों ने शव को उठाने दिया। पुलिस द्वारा पंचनामा बना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रविवार को शव का पोस्टमार्टम हुआ। फिलहाल पुलिस को पोस्टमार्टम की रिपोर्ट नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि युवक की हत्या हुई है।
पुरानी रंजिश को लेकर देवरी में युवक की हत्या
वहीं पंतोरा चौकी अंतर्गत मंझवापारा देवरी में पुरानी रंजिश में होली के दिन दो पक्षों में खून की होली खेली गई। एक युवक ने दो लोगों को पुरानी रंजिश में धारदार बसुला से इस कदर वार किया कि दो लोगों को गंभीर चोटें आई। दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जेल दाखिल कर दिया है।
पुलिस के अनुसार सुखसागर बिंझवार पिता सुरितराम का गांव के ही पंचू बिंझवार पिता कुंजल बिंझवार व उसके साथी जक्शन बिंझवार के साथ पुराना विवाद था। जक्शन बिंझवार होली खेलने के बाद स्नान करने तालाब की ओर जा रहा था। तभी सुखसागर बिंझवार उसे रोका और तुम पंचू का साथ देते हो कहकर जंक्शन के सिर में बसुला से ताबड़तोड़ वार कर दिया। इतने में भी उसका मन नहीं भरा और वह बसुला लेकर पंचू के घर की ओर चला गया। पंचू अपने घर में बैठा था तभी उसके सिर पर व चेहरे में बसुला से ताबड़तोड़ वार कर दिया।
वारदात को अंजाम देकर सुखसागर भाग निकला। इधर गांव के लोग गंभीर रूप से घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराए। जंक्शन बिंझवार व पंचू की हालत में सुधार नहीं होते देख जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने दोनों को सिम्स रेफर कर दिए। जहां पंचू की मौत हो गई। पुलिस ने सुखसागर पिता सुरित राम बिंझवार (२४) को उसे घर से गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ धारा ३०२ के तहत जुर्म दर्ज कर उसे जेल दाखिल कर दिया है।