बैंक का लाभांस जाएगा पुलिस सहायता कोष में
जांजगीर-चांपा. जिले में पुलिसकर्मियों के लिए एक अच्छी खबर है। पुलिस विभाग बहुत जल्द जिले में पुलिस सहकारी मर्यादित बैंक खोलने की योजना बना रही है। इसके लिए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक से मार्गदर्शन लिया जा रहा है।
बैंक से स्वीकृति मिलते ही पुलिस अधीक्षक कार्यालय कैंपस में पुलिसकर्मियों के लिए बैंक सुविधा मुहैय्या कराई जाएगी। बैंक से मिले लाभांस को पुलिस सहायता कोस में जमा किया जाएगा।
हालांकि इसमें अभी मोहर नहीं लग पाई है, लेकिन इसके लिए कार्ययोजना तेजी से बनाई जा रही है। दो साल पहले जिले में जिस तरह पुलिस वेल्फेयर पेट्रोल पंप की सौगात मिली थी। ठीक उसी तर्ज पर जिले में बहुत जल्द पुलिस सहकारी मर्यादित बैंक खुलने वाली है। यह सुविधा आम आदमियों के लिए बल्कि पुलिसकर्मियों के लिए स्पेशल होगी। इस बैंक में पुलिसकर्मियों के लिए खाता खुलेगा। कर्मचारी खाता खोलकर देन - देन कर सकेंगे। पुलिस वालों के लिए बड़ी सुविधा यह होगी कि वे इस बैंक से आसानी से कार या मकान के लिए लोन सकेंगे। भविष्य में बजट के हिसाब से बैंक से पुलिसकर्मियों को एक से 5 लाख रुपए तक लोन मिल सकेगा।
पुलिस स्टॉफ ही होंगे कर्मचारी
जिस तरह पुलिस वेल्फेयर पेट्रोल पंप में पुलिसकर्मियों द्वारा ही पेट्रोल का वितरण किया जाता है। ठीक उसी तरह इस बैंक में भी पुलिसकर्मी ही ब्रांच मैनेजर, कैशियर व अकाउंटेंट होंगे। इसके लिए कामर्स विषय के जानकार व अकाउंट का काम देख रहे पुलिसकर्मियों को लगाया जाएगा। बैंक में महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया जाएगा।
यह होगा फायदा
आरक्षक, प्रधान आरक्षक सहित सभी वर्ग के अफसरों को मिलाकर 1200 पुलिसकर्मियों की तैनाती जिले में है। यदि 1200 पुलिस कर्मियों में एक हजार भी खाता खुल जाए तो बैंक रनिंग कंडीशन में आ जाएगी। इतने खाते से जो भी आय होगा उसका लाभांस इसी बैंक में जमा रहेगा। इसका ब्याज स्थानीय स्तर के कर्मचारियों के बीच वितरित होगा। बैंक के आय के हिसाब से पुलिसकर्मियों को लोन भी अधिक मिलेगा।
बैंक अफसर करेंगे मॉनिटरिंग
पुलिस सहकारी मर्यादित बैंक खुलने के बाद इस बैंक की मॉनिटरिंग जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित के अफसरों द्वारा की जाएगी। उनके द्वारा पहले बैंक के कामकाज को सिखाया जाएगा। इसके बाद बीच- बीच में ऑडिट व अन्य कामकाज की निगरानी बैंक अफसरों द्वारा की जाएगी।
इसके लिए आवश्यक तैयारी
पुलिस सहकारी मर्यादित बैंक खोलने के लिए एसपी से चर्चा हुई है। इसके लिए आवश्यक तैयारी की जा रही है। यदि योजना सफल हो जाए तो बहुत जल्द पुलिसकर्मियों को यह सौगात मिल सकती है।
-पनिक राम कुजूर, एसडीओपी