
जैजैपुर. स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत जैजैपुर ब्लाक में बने शौचालय की राशि नहीं मिली है। जिसकी वजह से हितग्राही सरपंच के अलावा जनपद कार्यालय के चक्कर लगा कर भटक रहे हैं। ऐसे में, ग्राम पंचायत हरदीडीह के परेशान हितग्राहियों ने जनपद सीईओ से इस मामले की शिकायत की है।
हितग्राहियों ने अपनी शिकायत में बताया की हमने अपने स्वयं की लागत से शौचालय का निर्माण करवाया है। वहीं इसकी जानकारी सरपंच सचिव को भी दी गई है, पर जानकारी होने के बाद भी सरपंच द्वारा मनमानी करते हुए हमें शौचालय निर्माण की राशि नहीं दी जा रही है। हमने इस बारे में सरपंच सचिव से जानकारी लेनी चाही तो इनके द्वारा हर बार शौचालय निर्माण की राशि नहीं मिलने की बात कही जाती है। वहीं राशि मिलने के उपरांत तुरंत संबंधितों को राशि देने की बात कह रहे हंै। लेकिन देखते ही देखते साल बितने को हैं।
ग्रामीण बोले, सरपंच को मिली है राशि
पीडि़त हितग्राहियों की मानें तो सरपंच द्वारा यह कहा जा रहा है कि हमें अभी राशि प्राप्त नहीं हुई है। जब हमने इस संबंध में जनपद में जाकर जानकारी ली। तब पता चला कि सरपंच की लगभग राशि मिल गई है। लेकिन सरपंच हितग्राहियों की राशि देने के बजाए स्वयं निकाल कर खुद के उपयोग में ले रहा है।
जनपद पहुंचे हितग्राही
शौचालय निर्माण की राशि नहीं मिलने से परेशान ग्राम पंचायत हरदीडीह के हितग्राही जैजैपुर जनपद पहुंच कर सीईओ से शिकायत की। वहीं जल्द से जल्द उक्त राशि को दिलवाने की मांग की है।
-ग्रामीणों के द्वारा शौचालय निर्माण की राशि नहीं मिलने की शिकायत की गई है। जांच कराकर हितग्राहियों को उनकी राशि प्रदान की जाएगी। वहीं इस मामले में जो दोषी पाए जाएंगे। उनके ऊपर उचित कार्यवाही की जाएगी। मुकेश रावटे, सीईओ जनपद पंचायत जैजैपुर