
जावरा। गांव में एक शिक्षक को घर में बंधक बनाया और पत्नी के सामने उसके कपड़े उतरवाए फिर पति-पत्नी ने मिलकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। जब आसपास के लोगों ने शिक्षक की आवाज सुनी तो उसे दंपती की कैद से छुड़वाया। इसके बाद पुलिस पहुंची।
मावता गांव में समता भवन की भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले को समझाने गए शिक्षक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। जब मोहल्ले वाले उसे बचाने गए तो कब्जाधारी पति-पत्नी ने दरवाजा नहीं खुला। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। डायल 100 ने मौके पर पहुंच कर आरोपी व फरियादी को थाने ले जाकर मामला शांत किया।
मिली जानकारी के अनुसार गांव के रमेश पिता खीमा मालवीय (30) ने समता भवन की सार्वजनिक जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया था। इस पर शनिवार सुबह शिक्षक गोवर्धनलाल पिता गंगाराम माली (50) समझाने गए तो रमेश और उसकी पत्नी ने मिलकर गोवर्धनलाल को निर्वस्त्र कर घर के अंदर बन्द करके बुरी तरह से पीटा। इस पर रामचंद्र मालवीय और रामदयाल मालवीय ने मोहल्ले वालों को बुलाकर शिक्षक को बाहर निकालने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने दरवाजा नहीं खोला। इसी दौरान मोहल्ले वालों ने चौकी पर सूचना दी। इसके बाद लक्ष्मीनारायण पटेल की सहायता से दरवाजा खुलवाकर गोवर्धनलाल को बाहर निकाला। सूचना पर 100 डायल मौके पर पहुंची और आरोपी व फरियादी को सीधे थाना कालूखेड़ा ले गई। वहां पुलिस ने आरोपी रमेश व उसकी पत्नी पर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
समझाइश देने गया था
गोवर्धनलाल माली ने बताया कि मैंने केवल रमेश मालवीय से आग्रह किया था कि वह समता भवन के जमीन में जो गड्डा आ रहा है उसे थोड़ा अपनी जमीन में ले लो। मेरे द्वारा समझाइश देने पर वह मुझे सीधे पकड़कर घर के अंदर ले गया व निर्वस्त्र कर मारपीट की। मेरी जेब में कुछ रुपए भी थे जो वापस नहीं किए।
नई कार में ब्रेक लगाते ही आग लग गई
जावरा। फोरलेन पर शनिवार की रात कार जलने से हर किसी को आश्चर्य में डाल दिया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और दमकल और ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया लेकिन कार जलकर खाक हो गई। घटना में कोई जानहानि नही हुई। जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 8.15 बजे रतलाम से मंदसौर जा रही कार में फोरलेन पर अरनियापीथा के पास अचानक आग लग गई। इसमें सवार राजेश हरोड़ा निवासी भाटरेवास ने हिम्मत दिखाई और गाड़ी को छोड़ गेट खोलकर कूद गया। इस के बाद कार बेकाबू होकर हाई-वे से नीचे खाई में चली गई। इतने में धूं-धूं कर कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। जानकारी के अनुसार ऐसा बताया जा रहा है कि जब चालक ने ब्रेक लगाया तभी आग लगी। देखते ही देखते लपटों ने भयावह रूप ले लिया जानहानि तो नही हुई लेकिन रेनॉल्ट की क्विड कार पूरी जल गई। औद्योगिक पुलिस पहुंची और ट्रैफिक को कंट्रोल किया।