जशपुर नगर

डेढ़ वर्ष तक पति-पत्नी के रूप में रहने के बाद युवक ने साथी युवक पर दर्ज कराया दुष्कर्म का केस

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में समलैंगिक संबंधों का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुलझाने में खुद पुलिस अधिकारियों के भी पसीने छूट रहे हैं।
2 min read
marriage_between_two_youths.jpg
डेढ़ वर्ष तक पति-पत्नी के रूप में रहने के बाद युवक ने साथी युवक पर दर्ज कराया दुष्कर्म का केस

जशपुरनगर. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में समलैंगिक संबंधों का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुलझाने में खुद पुलिस अधिकारियों के भी पसीने छूट रहे हैं। डेढ़ वर्ष तक पत्नी के रूप में रह रहे युवक ने अपने दोस्त के खिलाफ ही दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस ने पीड़ित युवक के रिपोर्ट पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

इस पूरी घटनाक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए कुनकुरी थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला 22 वर्ष युवक वर्ष 2018 में चरईड़ाड स्कूल में पढ़ाई कर रहा था। स्कूल में पढ़ाई करते वक्त आरोपी युवक सत्यनारायण की पीड़ित से जान पहचान हुई। दोनों एक दूसरे के अच्छे दोस्त बन गए।

इसके बाद उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। आरोपी सत्यनारायण जुलाई में उसे अपने घर ले गया। सत्यनारायण ने 2019 में मंदिर में उससे शादी कर ली। वह पीड़ित को हमेशा पत्नी की तरह रखता था। वो उसे हमेशा महिलाओं के कपड़े पहनने को कहता था। एक पत्नी की तरह ही घर के पूरे काम-काज कराता था। सत्यनारायण पीड़ित को घर से बाहर भी निकलने नहीं देता था। इसके अलावा अप्राकृतिक कृत्य करता था।

जान से मारने की धमकी दी थी
पीड़ित ने बताया कि सत्यनारायण ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घर से भागने पर तंत्र-मंत्र कर उसे खत्म कर देने की बात भी कही। इस डर से पीड़ित ने उसकी पत्नी के रुप में रहना शुरू कर दिया। लेकिन, अप्रैल 2021 में युवक मौका मिलते ही घर से किसी तरह भाग गया और अपने घर पंहुच गया।

पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज
पीड़ित ने कुनकुरी थाने में आरोपी सत्यनारायण के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया। पुलिस ने पीड़ित युवक के रिपोर्ट पर आरोपी सत्यनारायण के खिलाफ धारा 377 का मामला दर्ज कर लिया है। मामले में जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Published on:
16 Jul 2021 05:14 pm