जौनपुर में जिला पूर्ति विभाग ने छापेमारी कर 82 गैस सिलिंडर बरामद किया है। बताया जा रहा है कि 78 खाली जबकि चार भरे हुए सिलिंडर बरामद हुए हैं। संचालकों ने बताया कि उनके पास सभी के कागजात मौजूद हैं...
जौनपुर: जिला पूर्ति अधिकारी की टीम ने धमौर बाजार में तीन सीएससी संचालकों के यहां छापेमारी की है। आरोप है कि यहां अवैध रिफिलिंग और अवैध रूप से सिलिंडर का भंडारण किया गया था, जिसके बाद टीम ने यह कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि मौके से कुल 82 सिलेंडर बरामद हुए हैं। जिला पूर्ति विभाग की कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, धमौर बाजार में जिला पूर्ति अधिकारी के निर्देश पर टीम ने तीन स्थानों पर छापेमारी कर 82 गैस सिलिंडर बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि इनमें 78 सिलेंडर खाली थे, जबकि चार सिलेंडर भरे हुए थे। विभाग की कार्रवाई के बाद बाजार में हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई। इस दौरान मौके पर गाड़ी बुलाकर सिलिंडर को उसमें लोड कर विभाग अपने साथ लेकर चला गया।
जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही ने बताया कि कई दिनों से घरेलू गैस सिलिंडरों के भंडारण की शिकायत मिल रही थी, जिसके बाद टीम ने यह कार्रवाई की है। सभी संचालकों से पूछताछ की जा रही है, संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने के बाद संचालकों के ऊपर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा और नियम के अनुसार कार्रवाई भी कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिन तीन जगह पर छापेमारी की गई है उनमें से एक जगह से 17 खाली सिलिंडर, दूसरी जगह से 49 खाली सिलिंडर और तीसरी जगह से 12 खाली सिलिंडर तथा चार भरे हुए सिलिंडर बरामद हुए हैं। वहीं, संचालकों ने बताया कि बरामद किए गए सभी सिलिंडरों के कागजात उनके पास मौजूद हैं। उन्होंने दलील दी कि होली के बाद से ही कारोबार ठप पड़ा हुआ है और जिनके सिलिंडर हैं, वह यहां पर छोड़ गए हैं। इसलिए खाली सिलिंडर ही बरामद हुए हैं। किसी भी प्रकार से अवैध रिफिलिंग या भंडारण नहीं किया जा रहा है।