एसपी ने दिए जांच के आदेश, आरोपी पर कार्रवाई तय, पट्टीदारी के विवाद में दो भाइयों को पकड़ कर लाया गया था
जावेद अहमद की रिपोर्ट...
जौनपुर. योगी राज में भी भाजपाइयों की शामत आई हुई है। गुरूवार को सरायख्वाजा थाने पर भाजपा नेता के बेटे को इतना पीटा गया कि उसकी हालत बिगड़ गई। थर्ड डिग्री से आक्रोशित नेताओं ने एसपी से शिकायत की तो उन्होंने जांच के आदेश दे दिए। दरअसल दो भाइयों को एक पट्टीदारी से विवाद के बाद थाने लाया गया था। इसके बाद रात भर उनकी पट्टे से पिटाई हुई। इसमें एक की हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
बशीरपुर गांव के पूर्व प्रधान व भाजपा नेता दशरथ बिंद के दो बेटे सुबोध कुमार व श्रीकांत अपने मकान की चहारदीवारी बनवा रहे थे। उनके पट्टीदार जगदीश बिंद ने सौ नंबर पर फोन कर अवैध निर्माण का आरोप लगाया तो टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मौका मुआयना करने के बाद निर्माण पर सहमति जता दी। शाम करीब 4 बजे जगदीश बिंद थाने पहुंच गया।
आरोप है कि उसकी शिकायत पर एक दरोगा पहुंचे और चहारदीवारी गिरवा दी। दोनों भाइयों को थाने उठा लाए। यहां उनकी पट्टे से पिटाई शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद सुबोध की हालत बिगड़ने लगी तो पुलिस कर्मियों के हाथ-पांव फूलने लगे। पिंड छुड़ाने के लिए आनन-फानन में दोनों का चालान भेज दिया गया। कचहरी में जमानत हो ही रही थी कि सुबोध वहीं गश खाकर गिर गया। जमानत के बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर भागे।
घटना की खबर पाकर रज्यमंत्री गिरीश यादव के प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह भाजपा महामंत्री हरिश्याम समेत नेता थाने पहुंच गए। थानेदार हरिराम वर्मा से मामले की शिकायत की तो उन्होंने असमर्थता जता दी। इसके बाद एसपी केके चौधरी को इसकी जानकारी दी गई।
उन्होंने एसओ को जांच करने के निर्देश दिए। शुक्रवार को एसओ ने जांच कर रिपोर्ट एसपी को सौंप दी। एसपी ने बताया कि वहां के दरोगा पारसनाथ यादव के खिलाफ शिकायत हुई है। आरोप में सच्चाई हुई तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित की तहरीर पर कानून कार्रवाई भी होगी।