
Jaunpur Murder: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां मंगलवार तड़के केराकत इलाके में गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने गांव में मौजूद था, इसी दौरान अज्ञात हमलावर पहुंचे और उसे गोली मार दी। गोली लगने से युवक घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहीं, फायरिंग से इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया। आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, जिसके बाद युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। वहीं, घटना के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की सुबह केराकत के बलईपुर गांव में स्थानीय थाने के हिस्ट्रीशीटर गुलाब पाल (30) को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने के बाद वह घायल हो गया और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल कायम हो गया है। वहीं, घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। वहीं, मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
क्षेत्राधिकारी गिरेंद्र सिंह ने बताया कि डायल 112 के जरिए केराकत पुलिस को यह सूचना मिली थी कि एक युवक को गोली मार दी गई है। इसके बाद घटनास्थल पर पुलिस पहुंची और घायल गुलाब पाल को इलाज के लिए केराकत स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। क्षेत्राधिकारी के मुताबिक, मृतक युवक स्थानीय थाने का हिस्ट्रीशीटर था और उसके खिलाफ संगीन धाराओं में एक दर्जन मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस ने बताया है कि घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जहां से साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद परिजनों की तरफ से तहरीर प्राप्त कर ली गई है और सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। क्षेत्राधिकारी ने बताया है कि इस मामले में कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। मौके पर हालात को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है। फिलहाल कानून और व्यवस्था नियंत्रण में है।
Updated on:
13 Oct 2026 10:12 am
Published on:
13 Oct 2026 08:37 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
