गुजरात ATS ने आरोपियों से 25 अवैध हथियार और 90 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं, पकड़े गए आरोपियों में से एक ट्रैवल बस संचालक है।
गुजरात एटीएस ने अवैध हथियार की तस्करी के मामले में झाबुआ के ट्रैवल बस संचालक समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी लोग अवैध हथियारों के तस्कर हैं और उनके पास से एटीएस ने 25 अवैध हथियार और 90 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि आरोपी मध्यप्रदेश से 30-35 हजार में अवैध पिस्टल खरीदकर उसे गुजरात में 50-55 हजार में बेचते थे।
पुलिस के मुताबिक झाबुआ का रहने वाला शिवम डामोर मुख्य आरोपी है वो बस का संचालन करता है। शिवम के साथ पुलिस ने प्रवीण श्रीवास निवासी इंदौर, संजय दादूभाई निवासी राजकोट, राजू जयंतीभाई सरवैया निवासी राजकोट, विपुल वेलाभाई सानिया निवासी वागड़िया-मूली और मनोज गिरीशभाई चौहान निवासी चोटिला को पकड़ा है। पता चला है कि आरोपियों ने पिछले तीन महीने के भीतर राजकोट, अमरेली और सुरेंद्रनगर के अलग-अलग इलाकों में अवैध हथियार बेचे हैं। आरोपी बस के जरिए मप्र से अवैध हथियार ले जाकर गुजरात में बेचा करते थे। यह पूरा काम झाबुआ निवासी शिवम करता था।
गुजरात एटीएस के डिप्टी एसपी हर्ष उपाध्याय ने बताया कि आरोपी शिवम हर चार-पांच दिन में गुजरात के विभिन्न इलाकों में जाता था और अवैध हथियार खरीदने में रुचि रखने वाले लोगों से मुलाकात करता था। सौदा तय होने के बाद उन्हें हथियार और कारतूस बेच देता। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी शिवम मप्र से 30-35 हजार रुपए में एक पिस्तौल खरीदकर 50 से 55 हजार में बेचता था। गुजरात के अमरेली राजकोट और सुरेंद्रनगर में उसने पांच अलग-अलग लोगों को 20 पिस्तौल और 70 राउंड गोलियां बेच चुका है।