झालावाड़

यूरिया की मारामारी, अटैचमेंट के चलते डीलर नहीं मंगवा रहे खाद, किसान पूरे दिन लग रहे लाइन में

  - अनावश्यक भंडारण कर रहे किसान-जिले में 25 हजार हैक्टेयर में बुवाई होना है

3 min read
यूरिया की मारामारी, अटैचमेंट के चलते डीलर नहीं मंगवा रहे खाद, किसान पूरे दिन लग रहे लाइन में

झालावाड़.जिले में यूरिया की कमी का कारण जिले में कम आपूर्ति होने के साथ ही डीलरों द्वारा खाद नहीं मंगवाना भी है। हालांकि अब सहकारी समितियों में भी खाद की आपूर्ति होने लगी है। लेकिन अभी काफी कम मात्रा में आपूर्ति हो रही है। ऐसे में कई किसानों को अभी यूरिया से वंचित रहना पड़ रहा है। इसके साथ कृषि विभाग की ओर से की जा रही जांचों में सामने आया कि है अधिकांश किसान निकटवर्ती एमपी में भी यूरिया पहुंचा रहे है। ऐसे में विभाग की ओर से अब इस पर रोक लगाई जाएगी। इसके लिए विभाग की ओर से निगरानी भी रखी जा रही है।
जिले में इन दिनों रबी बुवाई का दौर पूरा होने को है। वहीं दूसरी पिलाई शुरू हो गई है। ऐसे में अब यूरिया की आवश्यकता होने लगी है। लेकिन बाजार में यूरिया उपलब्ध नहीं होने की कृत्रिम कमी बनी हुई है। इसे देखते हुए कृषि विभाग की ओर से निजी दुकानों पर निर्धारित दर पर यूरिया का वितरण शुरू किया गया है। इसके साथ ही सहकारी समितियों में भी यूरिया की आपूर्ति होने लगी है। वहीं गत दिनों से कमी को देखते हुए कृषि विभाग की ओर से जांच की गई।

इसलिए आ रही परेशानी-
झालरापाटन ब्लॉक में पिछले दस दिन से यूरिया की कमी बनी हुई है। कंपनियों द्वारा यूरिया के साथ अन्य खाद का अटैचमेंट दिया जा रहा है। ऐसे में कई डीलरों ने खाद की गाड़ी ही लेने से मना कर दिया। झालरापाटन में शनिवार को चार-पांच डीलरों ने खाद लेेने से मना कर दिया है। इसके चलते झालरापाटन के आसपास के किसानों को यूरिया की ज्यादा परेशानी आ रही है। व्यापारियों ने बताया कि उनकी मजबूरी है, वो क्या करें वो तो किसानों को खाद समय पर देना चाहते हैं, लेकिन कंपनी वाले उन्हे एक गाड़ी पर 50-70 हजार का अटैचमेंट दे रहे हैं। उसे किसानों को भी नहीं देने की शर्त है। ऐसे में उसे लेकर हम क्या करें। इससे अच्छा है हमने खाद लेेने से ही मना कर दिया। इस लिए ज्यादा परेशानी आ रही है। उच्च स्तर पर नियम सही बनना चाहिए। ऐसे में बकानी, असनावर, खानपुर झालरापाटन आदि कस्बे में खाद की किल्लत मची हुई है।

अभी जिले में 20 हजार हैक्टेयर में बुवाई बाकी-
जिले में इस बार अक्टूबर माह तक बारिश होने से खेतों की हंकाई देर से हुई है। वहीं खानपुर क्षेत्र में अभी धान की फसलों की कटाई हुई ही है, ऐसे में उन क्षेत्रों में भी बुवाई होना बाकी है। जिलेभर में करीब 20 हजार हैक्टेयर में गेहूं व धनिया की बुवाई होगी। जिसमें करीब 15 हजार हैक्टेयर में गेहूं की बुवाई होगी ऐसे में यूरिया की जरुरत ज्यादा हो रही है। वहीं जिन किसानों ने पूर्व में सरसों व गेहूं की बुवाई कर दी उन्हे अब पानी के साथ यूरिया की जरुरत पड़ रही है। इसलिए एक साथ डिमांड बढ़ाने से भी मारामारी मच रही है। अभी पूरा नवंबर गेहूं की बुवाई होने की उम्मीद है।

फैक्ट फाइल-
- जिले में 1 लाख 35 हजार में गेहूं की बुवाई
- जिले में करीब 15 हजार हैक्टेयर में गेहूं की बुवाई होना है
- जिले में यूरिया का स्टोक-3100 एमटी
- डीएपी-1000 एमटी
-2 हजार एमटी दो दिन में आने वाला है


उपनिदेशक कृषि विस्तार- सत्येन्द्र पाठक से सीधी

सवाल:जिले में किसानों का खाद नहीं मिल पा रहा क्या वजह है
जवाब: ऐसा नहीं है धीरे-धीरे खाद की रैक आ रही है। किसान दो की जरुरत है, चार बेग ले रहा है। इसलिए दिक्कत है।
सवाल: किसानों से यूरिया की अधिक रेट ली जा रहीहै, आप क्या कार्रवाई कर रहे हैं
जवाब: खाद की रेट निर्धारित है, उससे अधिक रेट लेने पर कार्रवाई करते हैं, भालता आदि जगह की है।
सवाल: अटैचमेंट नहीं देने का प्रावधान है, फिर भी दिया जा रहा है

जवाब: ये उच्च स्तर का मामला है, बात कर रहे हैं।

सवाल: किसान क्या करें की उसे समय पर खाद मिल जाएं
जवाब: जिले में लगातार खाद की रैक आ रही है, किसानों से हमारी अपील है कि अनावश्यक भंडारण नहीं करें। अभी जितना जरुरत है उतना खाद ले दो दिन में पर्याप्त खाद आ रहा है।


यूरिया खाद को लेकर किसान अपने खेती का काम छोड़ कर दिनभर लाइनों में लग रहे हैं। फिर भी किसानों को खाद नहीं मिलता है खाद आता है तो डीलर रात के अंधेरे में 350 से अधिक में ब्लैक में बेच रहे हैं। इसको लेकर कृषि विभाग को कई बार अवगत कराया है। समय रहते समस्याओं का समाधान करें।
श्रीकिशन पाटीदार, कड़ोदिया तहसील रायपुर।

लगातार यूरिया की कालाबाजारी क्षेत्र में हो रही है। कृषि अधिकारियों का कहना है कि 50 फीसदी यूरिया पूरे झालावाड़ जिले में वितरित हो चुका, लेकिन काला बाजारी की वजह से किसानों तक नहीं पहुंचा रहा।
पीरु सिंह किसान, मोया खेड़ा तहसील पचपहाड

Published on:
21 Nov 2022 09:09 pm
Also Read
View All