
Jhalawar Human Story : बच्चे को गोद में उठाए माता-पिता। फोटो पत्रिका
Jhalawar : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को झालावाड़ में एक नन्हे बालक को नई जिंदगी, नया परिवार और नई पहचान मिली। तीन माह पहले मनोहरथाना क्षेत्र में हनुमान मंदिर के पास लावारिस हालत में मिला यह बालक गुरुवार को दत्तक माता-पिता की गोद में पहुंच गया। जिला कलक्टर एवं बाल संरक्षण इकाई के अध्यक्ष अजय सिंह राठौड़ ने निर्धारित विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालक को दत्तक माता-पिता को सौंपा। इस अवसर पर उन्होंने बालक का नाम नरेन्द्र रखा।
दरअसल, गत जून में महज 17 दिन का यह बालक मनोहरथाना क्षेत्र में हनुमान मंदिर टनटोकरी के पास मिला था। सूचना मिलने पर बाल कल्याण समिति ने तत्काल उसे उपचार के लिए एसआरजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। यहां उसका उपचार और देखभाल की गई। उपचार के बाद 7 जुलाई को बालक को शिशु गृह भेज दिया गया।
इसके बाद बाल कल्याण समिति ने निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया के तहत बालक को दत्तक ग्रहण के लिए स्वतंत्र घोषित किया। केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण के पोर्टल के माध्यम से पात्र दत्तक माता-पिता के साथ उसका मिलान किया गया। विभाग ने निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के तट गुरुवार को बालक को दत्तक माता-पिता को सौंप दिया गया।
बालक को नया नाम और परिवार मिलने पर दत्तक माता-पिता की खुशी देखते ही बनी। जिस बच्चे का कोई सहारा नहीं था, अब उसे मां-बाप का स्नेह, घर और सुरक्षित भविष्य मिल गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर ‘नरेन्द्र’ नाम मिलने से इस पूरे मामले की खासी चर्चा है।
झालावाड़ के जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने कहा कि प्रत्येक बच्चे के लिए सुरक्षित, स्नेहपूर्ण और पारिवारिक वातावरण बेहद महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक गौरीशंकर मीणा, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष शिवराज सिंह, शिशु गृह के सहायक निदेशक महावीर सिंह सहित संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।
Updated on:
17 Sept 2026 10:33 pm
Published on:
17 Sept 2026 10:33 pm
