फरार होने की कोशिश में एक हिस्ट्रीशीटर की दोनों टांगे टूट गई।
झालावाड़। शहर के मामा-भांजा चौराहे पर स्थित एक पेट्रोल पम्प पर गुरुवार देर रात पेट्रोल भरवाने के विवाद में दो हिस्ट्रीशीटरों ने एक सेल्समैन पर फायरिंग कर दी। संयोग से सेल्समैन बच गया। पुलिस ने दोनों हिस्ट्रीशीटरों को गिरफ्तार कर लिया। पिस्टल की बरामदगी करते समय फरार होने की कोशिश में एक हिस्ट्रीशीटर की दोनों टांगे टूट गई। उसे उपचार के लिए एसआरजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसपी अमित कुमार ने बताया कि गुरुवार देर रात हिस्ट्रीशीटर विक्की यादव उर्फ भाया अपनी पत्नी, साथी अकिंत काला और एक अन्य के साथ मोटरसाइकिल पर पेट्रोल भरवाने पम्प पर पहुंचा था। यहां उसकी सेल्समैन मुकेश कुमार से पेट्रोल भरने को लेकर कहासुनी हो गई। काफी देर तक कहासुनी के बाद विक्की ने सेल्समैन के साथ मारपीट शुरू कर दी और अपने पास से पिस्टल निकालकर मुकेश पर फायर कर दिया। संयोग से नीचे झुक जाने से मुकेश बच गया। वह केबिन में भागकर छिप गया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद पुलिस ने विक्की और अंकित दोनों को डिटेन कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस विक्की को पिस्टल बरामद करने के लिए उसके बताए स्थान पर ले जा रही थी। इस दौरान भागने की कोशिश में वह गड्ढे में गिर गया। इससे उसके दोनों पैर में फ्रेक्चर हो गए। उसे पुलिस ने पकड़ लिया। बाद में उसे उपचार के लिए एसआरजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसपी ने बताया कि विक्की और अंकित दोनों कोतवाली थाने के हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस ने मौके से एक जिंदा और एक खाली कारतूस बरामद किया।
पेट्रोलपम्प के मैनेजर के अनुसार सेल्समैन ने विक्की को उसकी पत्नी के सामने दो मिनट इंतजार करने के लिए कहा। यह बात उसे नागवार गुजरी। विक्की पहले अपनी पत्नी के साथ पेट्रोल भरवाने पहुंचा था। उसके साथ दो अन्य युवक भी थे। उस समय सेल्समैन अन्य बाइक में पेट्रोल भर रहा था। उसने विक्की से इंतजार करने को कहा तो वह नाराज हो गया। उसने पत्नी के सामने बेइज्जती करने की बात कही और सेल्समैन से लडऩे लगा। बाद में उसने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। सेल्समैन जान बचाकर केबिन में भागा। इसके बाद उसने हवाई फायर भी किया। उन्होंने केबिन का कांच भी तोड़ दिया।