
आकोदिया गांव की यह कुंई जल जीवन मिशन के भ्रष्टाचार की पोल खोल रही है। तस्वीर बता रही है कि छह साल बाद भी यहां घरों तक कोई पाइपलाइन नहीं पहुंची और न पहुंचा पानी। ग्रामीणों ने सार्वजनिक कुंई को ही अपना सहारा बना लिया। (फोटो: पत्रिका)
Water Supply Issue In Akodiya Village: झालावाड़ का आकोदिया गांव की यह कुंई जल जीवन मिशन के भ्रष्टाचार की पोल खोल रही है। तस्वीर बता रही है कि छह साल बाद भी यहां घरों तक कोई पाइपलाइन नहीं पहुंची और न पहुंचा पानी। ग्रामीणों ने सार्वजनिक कुंई को ही अपना सहारा बना लिया।
आप यह जो तस्वीर देख रहे हैं वह पानी से जूझते झालावाड़ के एक गांव आकोदिया की है जो सुनेल क्षेत्र में है। यहां की जीवनधारा एक छोटी सी कुंई पर निर्भर है। वर्ष 2019 में केन्द्र और राजस्थान सरकार की योजना जल जीवन मिशन के शुरू होने के छह साल बाद भी यहां पानी के लिए ग्रामीणों को इस तरह के जतन करने पड़ रहे हैं। आजादी के 79 साल बाद भी करीब 2000 हजार की आबादी वाला यह गांव आज भी पानी के लिए तरस रहा है। 100-150 घर महज इस सार्वजनिक कुंई के सहारे अपना जीवनयापन कर रहे हैं।
ग्रामीण उदयराम कारपेंटर के अनुसार गांव में जल जीवन मिशन के तहत करीब एक वर्ष पहले गांव में पाइपलाइन बिछाई गई और प्रत्येक घर से 1500 रुपए कनेक्शन शुल्क भी लिया गया। लेकिन आज तक एक बूंद पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। गांव में पेयजल की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है, अधिकांश हैंडपंप खराब या अनुपयोगी हो चुके हैं। ऐसे में करीब 6 साल पहले ग्रामीणों ने सार्वजनिक कुंई से पानी लेना शुरू किया। उन्होंने निजी पाइपलाइन डालकर अपने घरों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था कर ली। कई परिवारों ने 500 से 800 फीट तक लंबी पाइपलाइन बिछाने पर हजारों रुपए खर्च किए है।
इधर जलदाय विभाग का दावा है कि झालावाड़ जिले में 2,63,395 घरों में पानी के कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से अब तक करीब 1,97,000 घरों में कनेक्शन दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद अभी भी करीब 63 हजार घरों में कनेक्शन होना बाकी है। विभाग के अनुसार जिले के 467 गांवों को हर घर जल का प्रमाण पत्र भी दिया जा चुका है।
झालावाड़ जिले में पांच अलग-अलग परियोजना के माध्यम से जल जीवन मिशन के तहत कनेक्शन हो रहे है। छापी और गागरीन परियोजना में 85 से 90 फीसदी, राजगढ़, झालरापाटन में 70 और झालावाड़ एक्सटेंशन में 65 फीसदी कनेक्शन हो चुके है। सुनेल के आकोदिया में अगले माह तक सारे कनेक्शन चालू हो जाएंगे।
अरविंद खींची, परियोजना निदेशक जेजेएम झालावाड़
Updated on:
16 Apr 2026 02:55 pm
Published on:
16 Apr 2026 02:01 pm
बड़ी खबरें
View Allझालावाड़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
