
ग्राम विकास अधिकारी रजनी मीणा। फोटो पत्रिका नेटवर्क
Jhalawar ACB Action : भीमसागर (झालावाड़)। झालावाड़ एंटी करप्शन ब्यूरो ( एसीबी) टीम ने खानपुर पंचायत समिति की मऊ बोरदा की ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) को विवाह प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर 10 हजार 400 रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
झालावाड़ एसीबी चौकी की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रेरणा शेखावत ने बताया कि परिवादी ने गत 10 अप्रेल को शिकायत दी थी। परिवादी महूमहल खींची दरबार सेवा समिति का सदस्य है। संस्था की ओर से गत 16 फरवरी 2026 को धानोदा खुर्द पंचायत बोरदा मऊ में 28 जोड़ों का सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया गया था, जिसका पूरा खर्च संस्था और जनसहयोग से वहन किया गया।
विवाह के बाद सभी जोड़ों के प्रमाण पत्र बनवाना जरूरी था। इसके लिए परिवादी 2-3 बार ग्राम विकास अधिकारी रजनी मीणा के पास गया, लेकिन उसने प्रति प्रमाण पत्र 500 रुपए की मांग करते हुए कुल 13 हजार 500 रुपए मांगे। यह राशि देने पर ही प्रमाण पत्र जारी करने की बात कही।
एसीबी ने 10 अप्रेल को शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रजनी मीणा ने 28 में से 26 जोड़ों के प्रमाण पत्र के लिए प्रति जोड़ा 400 रुपए लेने के राजी हो गई। इस प्रकार कुल 10 हजार 400 रुपए रिश्वत देना तय हुआ। इसके बाद रजनी ने परिवादी को बुधवार को अपने कार्यालय में राशि और दस्तावेज लेकर आने के लिए कहा। इस पर एसीबी ने बुधवार को ट्रेप की कार्रवाई करते हुए रजनी को 10 हजार 400 रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।
ट्रेप के बाद एसीबी की टीम रजनी के खानपुर स्थित किराए के मकान की तलाशी ले रही है। रजनी कोटा के बिंदायका गांव की रहने वाली है। उसके गांव में भी मकान की तलाशी ली जाएगी।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी लोक सेवक जायज काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर पर सूचना दें। इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। फिलहाल, एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
Updated on:
15 Apr 2026 05:58 pm
Published on:
15 Apr 2026 05:58 pm
