
इस तार से लगा करंट और गोले में मृतका का फाइल फोटो: पत्रिका
Woman Died From Electric Shock: झालावाड़ जिले के भीमसागर पंचायत के छत्रपुरा गांव में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा सामने आया। दरअसल गांव में लगे ट्रांसफार्मर से अचानक घरों में करंट फैल गया। इस करंट की चपेट में आकर आंगनबाड़ी सहायिका कमलेश बाई की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम छा गया और 3 बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7 बजे कमलेश बाई अपने घर में रोजमर्रा के घरेलू काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक बिजली ट्रांसफार्मर में खराबी आने से करंट पूरे गांव के कई घरों में फैल गया। कमलेश बाई उसी समय बिजली के संपर्क में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन और ग्रामीण तुरंत उन्हें झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बिजली विभाग को सूचना दी और राहत कार्य में मदद की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
मृतका कमलेश बाई आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर कार्यरत थीं और इसी नौकरी से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं। वे विधवा थीं। उनके पति का पहले ही निधन हो चुका था। उनके तीन बच्चे हैं जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल है। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा उनके साथ ही रहता था। अब मां की मौत के बाद तीनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं बेटे के सामने रोजी-रोटी और जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीण भी परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर से अचानक तेज करंट फैलने से कई घरों में भी बिजली का झटका लगा, जिससे लोग दहशत में आ गए। हालांकि गनीमत यह रही कि अन्य कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है और तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर की समय पर मरम्मत नहीं की गई थी जिसके कारण ये हादसा हुआ। लोगों ने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
Updated on:
12 Jun 2026 10:31 am
Published on:
12 Jun 2026 10:03 am
बड़ी खबरें
View Allझालावाड़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
