एमएमएस सिस्टम से खुली पोल : अवकाश के दिन भी चली मस्टरोल
कई महिलाओं की ओढ़नी बदलकर तो कई की घूंघट में फोटो अपलोड
झालावाड़ जिले की सात पंचायत समितियों की 37 ग्राम पंचायतों में 109 कार्यो में महानरेगा श्रमिकों की गुरुवार को अवकाश के दिन भी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज हुई जबकि केन्द्र सरकर ने प्रत्येक गुरुवार को महानरेगा श्रमिकों का अवकाश घोषित किया हुआ है। इस दिन 690 मस्टरोल चली है जो गंभीर मामला है। जिले में 6863 श्रमिकों में से 6370श्रमिकों की गुरुवार को ऑनलाइन हाजिर भरी गई।
मनरेगा में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए सरकार ने नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग ऐप के माध्यम से हाजिरी लगाने का नियम लागू किया लेकिन मेटों व नरेगा सहायकों ने ऐप का भी तोड़ निकाल लिया और मनमाने तरीके से हाजिरी भर रहे हैं। वहीं इस गड़बड़झाले की परत दर परत पड़ताल हो तो चौंकाने वाले मामले सामने आएंगे। 100 दिन पूरे करने की लालसा में मेट फर्जीवाड़ा कर रहे हैं। मेट के मोबाइल में हाजिरी के लिए एप डाउनलोड किया जाता है और उसी मोबाइल से श्रमिकों की सुबह और दोपहर को हाजिरी की जाती है।
ऐसे करते हैं गड़बड़झाला
कुछ पंचायतों में खेत में काम कर रहे लोगों की मनरेगा के पोर्टल पर फोटो अपलोड कर दी गई। फर्जीवाड़ा यहीं नही रूका उस फोटो के साथ मस्टररोल में हाजरी भी दिखाई गई है। ग्राम पंचायतों में तो मेट ने खुद की सेल्फी के साथ ही पोर्टल पर फोटो अपलोड कर हाजिरी की जा रही है। कुछ ग्राम पंचायतों में घर के बाहर बैठे लोगों को मनरेगा श्रमिक बताकर फोटो अपलोड करने का भी मामला सामने आया है।
जगह बदल-बदल कर खींच रहे फोटो
मनरेगा में कार्य स्थल पर मौके पर दस श्रमिक ही उपस्थित होते है, जबकि मस्टररोल पचास या सौ लोगों की होती है। मेट मौके पर बैठे दस श्रमिकों की बार-बार जगह बदलकर फोटो खींचकर पोर्टल पर अपलोड कर पूरी हाजिरी कर लेते हैं। महिलाओं की ओढऩी बदलकर व घूंघट निकाल कर फोटो खींची जा रही है। दूसरे फोन से एक बार फोटो खींच लेते है और बार-बार फोटो पूरे पखवाड़े में अपलोड़ कर देते हैं।
कहां कितने श्रमिकों की भरी गई फर्जी हाजिरी
पंचायत समिति अकलेरा मे 4 काम की 28 मस्टररोल में कुल श्रमिक 263 श्रमिकों मे से 263 श्रमिक ही उपस्थित रहे।
पंचायत समिति बकानी मे 9 काम की 32 मस्टररोल में कुल श्रमिक 285 श्रमिकों में से 254 श्रमिक उपस्थित रहे।
पंचायत समिति भवानीमंडी में 1 काम की 4 मस्टररोल मे कुल श्रमिक 38 श्रमिकों में से 38 श्रमिक उपस्थित रहे।
पंचायत समिति झालरापाटन में 4 काम की 6 मस्टररोल में कुल 37 श्रमिकों में से 33 श्रमिक उपस्थित रहे।
पंचायत समिति पिड़ावा में 12 काम की 79 मस्टररोल में 1014 श्रमिकों में से 984 श्रमिक उपस्थित रहे।
पंचायत समिति मनोहरथाना में से 19 काम की 129 मस्टररोल में 1246 श्रमिकों में से 970 श्रमिक उपस्थित रहे।
पंचायत समिति डग मे 61 काम की 422 मस्टररोल में कुल श्रमिक 3980 श्रमिकों मे से 3828 श्रमिक ही उपस्थित रहे।
मेटों को ब्लैक लिस्ट करेंगे
मस्टररोल चलने का मामला मेरे संज्ञान में आ गया है। चार-पांच मेटों को ब्लैक लिस्ट कर देंगे।
संजय प्रतिहार, विकास अधिकारी, पंचायत समिति सुनेल
जांच कर लेते हैं अगर ऐसा हुआ है तो संबंधित मेटों को ब्लैक लिस्ट किया जाएगा।
के.एम. वर्मा, एक्सईएन, नरेगा जिला परिषद् झालावाड़