झालावाड़

स्कूल बस के पहिये के नीचे आने से बालिका की मौत

नगर के संस्कार भारती निकेतन विद्यालय में स्कूल बस के पहिये के नीचे दबने से गुरुवार दोपहर में डेढ़ वर्षीय बालिका की मौत हो गई।
less than 1 minute read
jhalawar news
बालिका की मौत के बाद विलाप करते परिजन।

भवानीमंडी. नगर के संस्कार भारती निकेतन विद्यालय में स्कूल बस के पहिये के नीचे दबने से गुरुवार दोपहर में डेढ़ वर्षीय बालिका की मौत हो गई। बालिका के दादा रामचंद्र नाथ ने बताया कि उनकी बहू पिंकी नाथ नगर के संस्कार भारती निकेतन विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का कार्य करती है। गुरुवार को भी बहू विद्यालय के कार्य में लगी थी और उनकी पोती मैदान में खेल रही थी।

इसी दौरान विद्यालय के छात्र छात्राओं की दोपहर में छुट्टी होने के बाद जब स्कूल बस विद्यार्थियों को लेकर जाने लगी तो बस ड्राइवर की लापरवाही के चलते डेढ़ वर्षीय बालिका खुशबू पुत्री अनिल नाथ निवासी रामठी बस के पिछले पहिये में आ गई। इससे बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हंगामा होने पर बहू ने आकर देखा तो उसे बालिका शव झाड़ियों के पास पड़ा मिला। जिसे देखकर बहू बेसुध हो गई। वहीं परिजनों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।

इस पर पुलिस उपाधीक्षक सहित पुलिस जाब्ते ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच प्रारंभ की। पुलिस को मौके पर बस के पहिये और अन्य जगहों पर खून के निशान मिले। वहीं बस चालक शिवा मौके से फरार हो गया। पुलिस प्रशासन द्वारा मामला दर्ज कर विद्यालय के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उधर डिप्टी अरुण शर्मा ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। जांच जारी है।

Updated on:
23 Sept 2022 01:26 pm
Published on:
23 Sept 2022 01:26 pm