झालावाड़

झालावाड़: तालाब में डूबने से दो भाइयों की मौत, गांव में पसरा मातम

Jhalawar drowning incident : झालावाड़ जिले में दांगीपुरा थाना क्षेत्र के चांदपुरा भीलान गांव के मजरा जयश्री का पुरा में गुरुवार दोपहर तालाब में बच्चों की डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चों के शव तालाब में मिलने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
2 min read
Jhalawar drowning incident
तालाब में डूबने से दो भाइयों की मौत। फोटो पत्रिका नेटवर्क

मनोहरथाना (झालावाड़)। दांगीपुरा थाना क्षेत्र के चांदपुरा भीलान गांव के मजरा जयश्री का पुरा में गुरुवार दोपहर तालाब में बच्चों की डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चों के शव तालाब में मिलने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस के अनुसार भूरालाल (9) और नवीन (8) चचेरे भाई थे। दोनों सुबह करीब 11 बजे गांव के तालाब में नहाने गए थे। दोपहर करीब एक बजे तक घर नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश करने लगे। इसी दौरान खेत से लौट रहे ग्रामीणों की नजर तालाब किनारे रखे बच्चों के कपड़ों पर पड़ी। पास जाकर देखा तो दोनों के शव पानी में तैरते मिले।
ग्रामीणों ने तत्काल दांगीपुरा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकलवाकर मनोहर थाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाए।

थाना प्रभारी विजेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों की मौजूदगी में दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों के बयान के आधार पर आवश्यक कार्रवाई कर शव अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए गए हैं। सीएचसी प्रभारी एवं बीसीएमओ डॉ. कौशल लोधा ने बताया कि दोनों बच्चों को अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित किया गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए गए।

एनीकट में डूबने से युवक की मौत

पनवाड़ के समदखेड़ी धाम हनुमान मंदिर के समीप कालीसिंध नदी के एनीकट में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने करीब एक घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला।

थानाधिकारी हरिश शर्मा ने बताया कि पनवाड़ के श्रीराम नगर निवासी प्रदीप बैरवा (22) पुत्र शंकरलाल अपने तीन दोस्तों के साथ समदखेड़ी धाम हनुमान मंदिर के पास कालीसिंध नदी के एनीकट पर नहाने गया था। नहाते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। सूचना मिलने पर पनवाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

इसके बाद झालावाड़ से एसडीआरएफ टीम बुलाई गई। टीम ने करीब एक घंटे तक सर्च अभियान चलाकर युवक का शव नदी से बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया तथा पोस्टमार्टम के लिए खानपुर अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Published on:
02 Jul 2026 08:43 pm