- 50 हजार रुपए की मांगी थी फिरौती
झालावाड़, मनोहरथाना। जिले के मनोहरथाना क्षेत्र रविवार देर रात फिरौती की मांग को लेकर एक युवक का एक दर्जन बदमाशों ने अपहरण कर लिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो अपहरणकर्ताओं ने पुलिस दल पर हमला कर दिया। जिसमें े कांस्टेबल करमचंद और विक्रमघायल हो गए हैं। जिनका मनोहरथाना चिकित्सालय में दोनों का उपचार चल रहा है। सूचना मिलते ही थानाधिकारी, वृत्ताधिकारी मौके पर पहुंच गए और तत्काल एक्शन करते हुए कुछ बदमाशों को डिटेन कर लिया है। एसपी ऋचा तोमर ने पुलिस दल पर हमले की घटना को गंभीर माना है और एएसपी को तत्काल बदमाशों को दबोचने के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए। इसके बाद आसपास के थानों की पुलिस भी अलर्ट हो गई है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही है। पुलिस ने बदमाशों से सख्ती से निपटने के संकेत दिए हैं।
पीडि़त राम प्रसाद ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि अपहरणकर्ताओं ने उसको अगुवा कर 50 हजार रुपए की फिरौती मांगी थी। इसमें कुछ पैसे उसने बदमाशों को दे दिए थे, लेकिन उसे छोड़ा नहीं। उसे एक सूने मकान में बंद कर दिया। इसकी ग्रामीणें ने पुलिस को सूचना दी। इस पर देर रात पुलिस दल मौके पर पहुंचा तो बदमाशों ने पत्थर फेंकते हुए हमला कर दिया। पुलिस ने एक दर्जन बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।