झालावाड़

Jhalawar Crime: कबाड़ दिखाने के बहाने बुलाया, मारपीट करके लूटे नकद, 6 घंटे में पुलिस ने किया गिरफ्तार, दूसरा भी दबोचा

Rajasthan Crime: झालावाड़ में एक कबाड़ी को कबाड़ खरीदना महंगा पड़ गया। कबाड़ दिखाने के बहाने से 2 युवकों ने उसे सुनसान जगह ले जाकर मारपीट की और नकदी लूटकर फरार हो गए।
2 min read
Jhalawar Crime Accused Arrested
झालरापाटन में गिरफ्तार आरोपी त्रिलोक का फोटो: पत्रिका

2 Accused Arrested In Robbery Case: झालावाड़ के झालरापाटन सदर थाना क्षेत्र में कबाड़ खरीदने आए एक व्यापारी से मारपीट कर नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूटी गई राशि बरामद कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले आरोपी को घटना के 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया था और दूसरे आरोपी की तलाश के बाद उसे भी दबोच लिया गया।

कबाड़ दिखाने के बहाने से लेकर गए

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि हबीब नगर कॉलोनी निवासी हनीफ खान ने 25 जून को झालावाड़ के झालरापाटन सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार वह सुबह करीब 9:15 बजे ऑटो से सिंघानिया गांव कबाड़ खरीदने के लिए पहुंचा था। गांव में मौजूद परमेश्वर गोस्वामी ने उसे आवाज देकर रोका और कबाड़ दिखाने की बात कही। इसी दौरान उसका भाई त्रिलोक गोस्वामी भी वहां पहुंच गया। दोनों भाइयों ने हनीफ खान को कबाड़ दिखाने के बहाने गांव के स्कूल की ओर चलने के लिए कहा।

वार करके लूट ले गए नकद और डॉक्यूमेंट

पीड़ित जब उनके साथ स्कूल की तरफ जा रहा था, तभी रास्ते में दोनों भाइयों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि परमेश्वर ने कांच की बोतल से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने उसके पास रखे 11 हजार 450 रुपए नकद, आधार कार्ड और अन्य सामान छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। घायल ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विभिन्न टीमों का गठन किया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से वारदात के महज 6 घंटे के भीतर आरोपी परमेश्वर गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

वहीं दूसरे आरोपी त्रिलोक गोस्वामी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देती रही। गुरुवार को पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से लूटी गई नकदी भी बरामद कर ली गई। पुलिस अब मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी त्रिलोक शातिर अपराधी है और झालरापाटन सदर थाना क्षेत्र के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल है। उसके खिलाफ झालरापाटन शहर, सदर और अकलेरा थानों में मारपीट, लूट सहित चार आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

Updated on:
04 Jul 2026 07:04 am
Published on:
04 Jul 2026 06:58 am