झालावाड़

Jhalawar: बीमार बेटे को बस की सीट पर छोड़कर चले गए परिजन, टिकट काटने पहुंचे कंडक्टर को मिला, ICU में भर्ती

Sick Child Abandoned In Private Bus: झालावाड़ जिले के झालरापाटन बस स्टैंड पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां करीब 5 साल का बीमार बच्चा एक निजी बस में लावारिस हालत में रोता हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

2 min read
हॉस्पिटल में भर्ती बच्चे की फोटो: पत्रिका

Rajasthan News: झालावाड़ जिले के झालरापाटन नगर के प्राइवेट बस स्टैंड पर गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक निजी बस में करीब 5 साल का बीमार बच्चा लावारिस हालत में मिला। जानकारी के अनुसार परिजन उसे बस की सीट पर छोड़कर चले गए थे। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर बस स्टाफ को इसकी जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी और बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

ये भी पढ़ें

‘मां, मेरा क्या कसूर…? नवजात से क्रूरता की सारी हदें पार, मुंह में पत्थर डालकर लगा दी फेविक्विक, वीडियो देख कांप उठेगी रूह

बस में रोता मिला बच्चा

पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम करीब 5 बजे अज्ञात परिजन बच्चे को बजरंग ट्रेवल्स की एक निजी बस की सीट पर छोड़कर चले गए। बस में टिकट काटते हुए जब कंडक्टर बने सिंह उस सीट तक पहुंचे तो उन्होंने बच्चे को रोते हुए देखा। उन्होंने तुरंत बस चालक राजेश बैरागी को इसकी जानकारी दी।

बस चालक और कंडक्टर ने पहले अपने स्तर पर बच्चे के परिजनों की तलाश की। बस स्टैंड और आसपास के इलाके में करीब एक घंटे तक खोजबीन की गई लेकिन बच्चे के माता-पिता या परिजन कहीं नजर नहीं आए।

पुलिस को दी सूचना

परिजनों का पता नहीं चलने पर बस चालक और परिचालक बच्चे को लेकर थाने पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने तुरंत मामले की सूचना बाल कल्याण समिति झालावाड़ को दी। बच्चे की हालत खराब होने के कारण उसे तुरंत झालावाड़ के हीरा कुंवर बा जनाना अस्पताल ले जाया गया।

ICU में भर्ती, हालत स्थिर

अस्पताल में वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र गुप्ता और डॉ. देवेंद्र की टीम ने बच्चे की जांच की। चिकित्सकों ने बच्चे की स्थिति को देखते हुए उसे आईसीयू वार्ड में भर्ती कर लिया। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। बच्चे की आवश्यक जांचें करवाई गई हैं और रिपोर्ट आने के बाद उसकी स्थिति के बारे में पूरी जानकारी मिल सकेगी।

मानसिक रूप से कमजोर होने की आशंका

डॉ. राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बच्चा मानसिक रूप से कमजोर प्रतीत हो रहा है। हालांकि इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस कर रही जांच

थानाधिकारी अलका बिश्नोई ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चे को बस में कौन और किस कारण से छोड़कर गया। प्रारंभिक जानकारी में यह सामने आया है कि संभवतः उसके माता-पिता ही उसे बस में छोड़कर गए होंगे। पुलिस बस स्टैंड क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही परिजनों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

ये भी पढ़ें

Bundi Police Raid: अचानक पहुंची पुलिस, होटल के 4 कमरों में संदिग्ध हाल में मिले 8 युवक-युवतियां

Published on:
03 Apr 2026 11:16 am
Also Read
View All

अगली खबर