मंगलवार अलसुबह चली तेज हवाएं, मौसम में घुली ठण्डक, सोवमार को हुई बारिश
जयपुर, कोटा। राजस्थान में मानसून की विदाई की बेला नजदीक आ गई है। विदाई से पहले मौसम का रूख पल-पल बदल रहा है। मंगलवार को हाड़ौती अंचल में अलसुबह काफी तेज हवाएं चल रही थी। इससे मौसम में बदलाव के संकेत माने जा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की विदाई से पहले प्रदेश में कहीं हल्की व मध्यम बारिश हो सकती है। सोमवार को बादल छाए रहने से बारिश के आसार बन रहे थे। मंगलवार को राजधानी में बारिश की संभावना जताई है।
प्रदेश में मानसून के अंतिम दौर में मौसम के अलग.अलग मिजाज देखने को मिल रहे हैं। जयपुर में सोमवार को दिन भर तेज धूप और गर्मी के बाद शाम को अचानक मौसम बदला और कई जगह अच्छी बरसात हुई। जिससे कुछ समय के आमजन को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक हाल ही बंगाल की खाड़ी में बना एक निम्न स्तर का दबाव पश्चिमी दिशा से आने पर रूख बदल चुका है। इसके पीछे कारण पश्चिमी हवाओं का असर माना जा रहा है। इससे प्रदेश में बारिश का दौर थमने के साथ ही मौसम पूरी तरह से अब शुष्क रहेगा। हालांकि स्थानीय मौसमी तंत्र से कुछेक इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में मौसम अब सामान्यतरू साफ रहेगा। ऐसे में शुष्क हवाओं के साथ तेज धूप से तापमान में फिर कुछ बढ़ोतरी हो सकती है। मंगलवार को राजधानी जयपुर में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बरसात हो सकती है।
घट स्थापना के साथ विदाई
अब नवरात्र घट स्थापना से पहले ही मानसून की विदाई होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की विदाई की प्रक्रिया अगले दो-तीन दिन में शुरू होने की संभावना है। मानसून की सामान्य तिथि 17 सितम्बर है, लेकिन इस बार इससे थोड़ा देरी से विदाई ले रहा है। इस सीजन में पूरे देश में भरपूर बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार एक जून से 18 सितम्बर तक 868.9 मिमी बारिश पानी बरसा, जो सामान्य से सात प्रतिशत अधिक था। पिछले साल मानसून 6 अक्टूबर को विदा हुआ था। सोमवार को कोटा संभाग में मौसम साफ रहा। सुबह से धूप खिली हुई है।