रेस्टोरेंट में नूडल, बर्गर और फ्रेंच फ्राइज़ खाते हुए दोनों हंसते दिखे। 604 रुपए का बिल चुकाकर बाहर निकले। इसके बाद प्रेमी और प्रेमिका फोटोशूट करते रहे। किसी को क्या पता था कि खाने-पीने के कुछ ही देर बाद युवक यूनिवर्सिटी के सामने प्रेमिका को गोली मार देगा। और खुद भी खत्म हो जाएगा। रोंगटे खड़ी कर देने वाली प्यार की खौफनाक कहानी।
झांसी में बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के सामने शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। मनीष साहू नाम के युवक ने अपनी 7 साल पुरानी प्रेमिका कृतिका चौबे को गोली मार दी। कुछ ही सेकंड बाद खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। इससे पहले दोनों हवाना रेस्टोरेंट में साथ बैठे दिखाई दिए। जहां CCTV में वे हंसते-बोलते और रील्स बनाते दिखे।
रेस्टोरेंट फुटेज के मुताबिक, दोनों करीब डेढ़ घंटे तक लॉबी में घूमते रहे। बीच-बीच में उन्होंने गार्ड से फोटो खिंचवाए। खाने में नूडल, बर्गर और फ्रेंच फ्राइज ऑर्डर किए। जिसका 604 रुपए का बिल मनीष ने पे किया। खाना पूरा नहीं खाया और पैक करवा लिया। इसके बाद दोनों बाइक से यूनिवर्सिटी के सामने पहुंचे।
घटना से पहले दोनों लगभग एक घंटे सड़क किनारे फुटपाथ पर बैठकर बातें करते रहे। आंखों-देखी बताने वाले दुकानदारों के मुताबिक, कभी दोनों में बहस होती। तो थोड़ी देर बाद हंसने लगते। किसी को अंदाज़ा नहीं था कि बात इतनी खतरनाक मोड़ ले सकती है। तभी अचानक मनीष ने तमंचा निकाला और कृतिका के सीने पर गोली दाग दी। फायर की आवाज़ से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसके तुरंत बाद मनीष ने खुद को भी गोली मार ली।
घटना में गंभीर रूप से घायल कृतिका को पहले झांसी और बाद में भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, एक बुलेट का टुकड़ा उसकी में फंसा है। जिसे ऑपरेशन के जरिए हटाया जाएगा। उसकी हालत अब भी बेहद नाजुक बनी हुई है।
जांच में सामने आया है कि मनीष और कृतिका लंबे समय से रिलेशनशिप में थे। लेकिन एक साल पहले मनीष ने घरवालों के दबाव में शादी कर ली थी। यह बात कृतिका को स्वीकार नहीं हुई। उसने उससे दूरी बना ली। मनीष ने शादी के दो महीने बाद ही पत्नी से अलगाव कर लिया था। और परिवार ने भी उसे घर से निकाल दिया था। वह हर हाल में कृतिका से शादी करना चाहता था। जबकि कृतिका इस रिश्ते को खत्म कर चुकी थी। उसने मनीष का नंबर भी ब्लॉक कर दिया था। पुलिस के मुताबिक, मनीष पूरी योजना बनाकर झांसी आया था। उसकी सोच दो ही रास्तों पर टिक गई थी। या तो कृतिका शादी के लिए तैयार हो जाए। या फिर वह उसकी जान ले ले। 9 नवंबर को आखिरी बार मिलने के बहाने उसने कृतिका को बुलाया और रेस्टोरेंट लेकर गया। मनाने की कोशिश नाकाम होने पर उसने यूनिवर्सिटी गेट के पास गोली चलाकर वारदात को अंजाम दिया।