नकाबपोश युवकों ने घर में प्रवेश कर वहां के लोगों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और बाद में हवाई फायर किए।
झुंझुनूं.
जिले के कुठानियां गांव में बुधवार अल सुबह अचानक ग्रामीण उस समय दहशत में आ गए जब एक जीप में सवार होकर आए कुछ नकाबपोश युवकों ने एक घर में प्रवेश कर वहां के लोगों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और बाद में हवाई फायर किए। इस दौरान हमलावर युवक घर में से एक विवाहिता को भी जबरन उठा ले गए। बाद में पता चला कि विवाहिता को ले जाने वाला उसी का भाई था। हमले में घायल एक महिला को झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि कुठानियां निवासी भगवती प्रसाद गुर्जर के घर पर बुधवार सुबह साढ़े छह बजे गुर्जरवास निवासी सेडूराम उर्फ दिलीप, सुंदरपुरा(कोटपूतली) निवासी प्रदीप कुमार व छह-सात अन्य नकाबपोश युवक जीप में सवार होकर आए । घर में घुसकर वहां पर मौजूद सभी लोगों ताबड़-तोड़ हमला कर दिया तथा हवाई फायर किए। इस दौरान युवकों ने भगवान पर भी फायर किया लेकिन वह बच गया। बाद में उसकी पुत्रवधु सुनीता का अपहरण कर ले गए। वारदात में सुमन, शारदा व लीला रामघायल हो गए। घायलावस्था में सुमन को सिंघाना के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां गंभीर घायल होने के कारण सुमन को झुंझुनूं रैफर कर दिया। घटना की सूचना पर सिंघाना थानाधिकारी सज्जनसिंह नेहरा मौके पर पहुंचे तथा घटना स्थल का जायजा लिया।
मिले कारतूस के खोल
पुलिस को घटना स्थल से दो कारतूस के खोल मिले है। पुलिस कारतूस के खोलों को बरामद कर लिया है। वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
पुराना था विवाद
भगवती प्रसाद गुर्जर ने बताया कि उसके पुत्र सुनील की शादी 28 फरवरी 2017 को गुर्जरवास निवासी संतलाल की पुत्री सुनीता के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पुत्र वधु सुनीता का भाई सेडूराम उर्फ दिलीप जो कि आदतन बदमाश है, उन्हें परेशान कर रहा था। इस संबंध में पहले भी सुनीता का अपहरण करने का प्रयास किया था। इससे पूर्व भी सिंघाना थाने में रिपोर्ट दी गई थी।