
झुंझुनूं में उदयपुरवाटी थाना इलाके में धौलाखेड़ा बस स्टैंड तिराहे के पास कार और बोलेरो की आमने-सामने भिड़ंत में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे में बाइक सवार दो युवक भी वाहनों की चपेट में आ गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। इस दौरान पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा भी रास्ते से गुजर रहे थे। जिन्होंने दर्दनाक हादसा देखा तो गाड़ी रोककर वह भी घायलों की मदद के लिए दौड़े। इस दौरान पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। घायलों को तुरंत उदयपुरवाटी सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल छह लोगों को सीकर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार बोलेरो और कार में सवार लोग शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान धोलाखेड़ा बस स्टैंड तिराहे पर गोठड़ा की ओर से आ रहे बाइक सवार दो युवकों को बचाने के प्रयास में दोनों वाहन अनियंत्रित हो गए। देखते ही देखते कार और बोलेरो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार युवक भी इसकी चपेट में आ गए और सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया।
हादसे के दौरान वहां से गुजर रहे राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने सड़क पर भीड़ देख अपनी गाड़ी रुकवाई। उन्होंने मौके की स्थिति देखकर तुरंत घायलों की मदद शुरू की। कुछ घायलों को उन्होंने अपनी निजी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया, जबकि अन्य घायलों को राह चलते वाहनों को रुकवाकर उदयपुरवाटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों को छुट्टी दे दी, जबकि छह गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए सीकर रेफर किया गया। सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार बाइक सवार दोनों युवक रघुनाथपुरा गांव के रहने वाले हैं। वहीं बोलेरो और कार में सवार लोग गढ़ला खुर्द, गढ़ला कलां, मैनपुरा, बिड़ौदी और नवलगढ़ क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। रामपाल मीणा ने बताया कि हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया था। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Published on:
09 May 2026 12:16 pm
बड़ी खबरें
View Allझुंझुनू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
