
यूपी नंबरों की बस में दिल्ली से डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक लाते पुलिस ने तीन युवकों को पकड़ा है। डीएसटी व एफएस टीम ने एक करोड़ 54 लाख 90 हजार 600 रुपए जब्त कर तीनों युवकों को दस्तयाब किया है। एसपी राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि जानकारी मिली कि एक बस में बड़ी मात्रा में नकदी आ रही है। चिड़ावा शहर में पिलानी चौराहे पर यूपी नम्बरों की एक बस की जांच की गई। बस में बैठे तीन संदिग्ध युवकों के सामान की जांच की तो उनमें एक करोड़ 54 लाख 90 हजार 600 रुपए मिले। जिनको जब्त कर मोहम्मद जावेद (37) निवासी वार्ड नम्बर पंद्रह बकरा मंडी सीकर शहर, मोहम्मद मंजूर (33) निवासी वार्ड नौ कालती हवेली के पास झुंझुनूं तथा मोहम्मद आसिफ (32) निवासी वार्ड 62 अलीमा मस्जिद के पास सीकर को दस्तयाब किया गया।
इनकम टैक्स विभाग भी करेगा जांच
एसपी ने बताया कि रुपयों को लेकर आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। एक बार बकरे खरीदने की बात कही, लेकिन उनके पास कोई दस्तावेज नहीं मिले। अब इनकी जांच अलग से इनकम टैक्स विभाग भी करेगा। क्या नोट हवाला के हैं, तो उन्होंने कहा कि नोट कहां किसने दिए हैं, इसका अनुसंधान किया जा रहा है। इनकम टैक्स विभाग भी इसकी जांच कर रहा है। अधिकतर नोट पांच सौ रुपए के हैं। यह नोट चार पिट्ठू बैग में रखे हुए थे। यह बस दिल्ली से झुंझुनूं होते हुए लाडनूं तक चलती है।