झुंझुनू

मंथली 10 हजार दो और लकड़ी से भरी गाड़ी ले जाओ, वन विभाग के रेंजर की रेट लिस्ट, गिरफ्तार

झुंझुनूं के खेतड़ी में एसीबी की कार्रवाई, वन विभाग का रेंजर 10,000 लेते गिरफ्तार, लकड़ी से भरी गाड़ी को न पकड़ने की एवज में बांधता था मंथली

less than 1 minute read

झुंझुनूं। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो सीकर इकाई ने खेतड़ी में बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के क्षेत्रीय वन अधिकारी (रेंजर) मुकेश कुमार मीणा को 10,000 रुपए की मंथली बंधी लेते गिरफ्तार किया है। रेंजर रिश्वत की यह रकम लकड़ी से भरी गाड़ियों को नहीं पकड़ने के एवज मंथली बंधी के नाम पर लेता था।

सत्यापन के बाद कार्रवाई

एसीबी के महानिदेशक डॉ. रवि प्रकाश मेहरडा ने बताया कि परिवादी ने शिकायत की थी कि रेंजर मुकेश मीणा लकड़ी से भरी गाड़ी को न पकड़ने की एवज में मंथली 10,000 रुपए मांग कर परेशान कर रहा है। शिकायत का सत्यापन कराए जाने के बाद, एसीबी जयपुर के उपमहानिरीक्षक राहुल कोटोकी के सुपरविजन में और एसीबी सीकर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार के निर्देशन में ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।

कोर्ट परिसर से किया गिरफ्तार

एसीबी के कहने पर परिवादी ने रेंजर मुकेश मीणा को कोर्ट परिसर में पैसे देने के लिए बुलाया। यहां वह जैसे आरोपी ने रुपए लिए एसीबी टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया। एसीबी के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

Published on:
04 Jun 2025 06:46 pm
Also Read
View All

अगली खबर