
फोटो पत्रिका नेटवर्क
सिंघाना (झुंझुनूं)। झुंझुनूं जिले के ईश्कपुरा गांव में शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज वारदात में बदमाशों ने एक युवक की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद भागते समय आरोपियों ने एक अन्य युवक पर भी फायरिंग की, जो बाल-बाल बच गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार ईश्कपुरा निवासी योगेश गुर्जर ने बताया कि डूमोली कलां निवासी मुकेश उर्फ टिंकू गुर्जर उसका दोस्त था। उसे सिंघाना से इलेक्ट्रिक स्कूटी लेने के लिए उसके कागजात चाहिए थे। इसके लिए शुक्रवार शाम करीब पौने पांच बजे वह ईश्कपुरा उसके पास आया था। गांव में दोनों एक जगह मिले, जहां से योगेश ने मुकेश को अपने घर कागजात लेने भेज दिया।
मुकेश उसके घर से कागजात लेकर लौट रहा था कि बीच रास्ते में ही मिंटू गुर्जर ने अपने साथियों के साथ उसे रोक लिया। पहले उसके साथ मारपीट की गई, फिर मिंटू ने पिस्टल से मुकेश के सीने में गोली दाग दी। गोली लगते ही मुकेश गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घायल मुकेश को तुरंत सिंघाना के सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर थानाधिकारी सुगन सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। शव को खेतड़ी नगर की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
वारदात के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर भाग निकले। इसी दौरान शिव मंदिर के पास बैठे योगेश गुर्जर को देखकर उन्होंने बाइक रोकी। योगेश के अनुसार बाइक पर तीन युवक बैठे थे। बीच में मिंटू बैठा हुआ था। मिंटू ने योगेश से कहा कि तुम्हें प्रसाद दे दूं…और अचानक उस पर फायर कर दिया। हालांकि योगेश झुक गया, जिससे गोली उसके ऊपर से निकल गई और उसकी जान बच गई। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
योगेश गुर्जर ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले रुपए के लेन-देन को लेकर आरोपी मिंटू से विवाद हुआ था। हालांकि बाद में समझौता हो गया था, लेकिन आशंका है कि उसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।
मृतक मुकेश उर्फ टिंकू अपने परिवार का इकलौता बेटा था। करीब छह महीने पहले ही उसके पिता रामनिवास गुर्जर का निधन हो चुका था। वह खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक का माहौल है।
घटना के बाद ईश्कपुरा गांव में भारी पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया गया है। जिलेभर में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Updated on:
03 Apr 2026 09:35 pm
Published on:
03 Apr 2026 09:23 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
