
आरोपी ग्राम विकास अधिकारी राजकुमार राव। फोटो- पत्रिका
झुंझुनूं। एसीबी झुंझुनूं ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत बेरला के ग्राम विकास अधिकारी राजकुमार राव को 8 लाख 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी की इस कार्रवाई से पंचायत स्तर पर हड़कंप मच गया। आरोपी अधिकारी परिवादी से आवासीय भूखंड के कन्वर्जन और एनओसी जारी करने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार पूनियां ने बताया कि परिवादी राजेंद्र सैनी, किशोरपुरा निवासी, बेरला गांव में अपने आवासीय भूखंड पर मेडिकल स्टोर संचालित करता है। उसके पास ड्रग लाइसेंस भी है।
यह वीडियो भी देखें
आरोप है कि ग्राम विकास अधिकारी राजकुमार राव ने परिवादी को नोटिस जारी कर कहा कि वह आवासीय भूखंड का व्यावसायिक उपयोग कर रहा है और उसका कन्वर्जन नहीं कराया गया है। परिवादी ने जब भूखंड को व्यावसायिक उपयोग में परिवर्तित कराने और एनओसी जारी करवाने के लिए संपर्क किया तो आरोपी अधिकारी ने शुरुआत में 10 लाख रुपए की रिश्वत मांगी। शिकायत मिलने पर एसीबी ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें आरोपी की ओर से 8 लाख 50 हजार रुपए रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
जांच में सामने आया कि भूखंड कन्वर्जन की पूरी प्रक्रिया वैधानिक है तथा संबंधित शुल्क ऑनलाइन जमा होता है। इसके बावजूद आरोपी अधिकारी परिवादी पर दबाव बना रहा था। आरोप है कि वह कथित रूप से उच्चाधिकारियों को प्रतिकूल रिपोर्ट भेजने की धमकी देकर रिश्वत की मांग कर रहा था। एसीबी झुंझुनूं ने सोमवार शाम ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी ने परिवादी को सूरजगढ़ स्थित दीपक मेडिकोज पर बुलाया। वहां रिश्वत की राशि लेते समय एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 8 लाख 50 हजार रुपए की रिश्वत राशि बरामद की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार पूनियां ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी गई है। साथ ही आरोपी की आय से अधिक संपत्ति सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई में एएसआई सुरेंद्र पुनिया, रोहिताश सिंह, त्रिलोक सिंह, हेड कांस्टेबल कर्ण सिंह, कुमार सानू ईशाक, विक्रम सिंह, राकेश गुर्जर और प्रमोद पुनियां शामिल रहे।
Published on:
25 May 2026 09:24 pm
बड़ी खबरें
View Allझुंझुनू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
