
एसआई 20 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार। फोटो पत्रिका नेटवर्क
श्रीगंगानगर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना नई मंडी घड़साना में तैनात उप निरीक्षक रामेश्वरलाल को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एसीबी चौकी बीकानेर द्वारा मुख्यालय के निर्देश पर सोमवार को अंजाम दी गई।
एसीबी के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ब्यूरो को एक परिवादी की ओर से शिकायत मिली थी। शिकायत में बताया गया कि उसके प्रकरण में एफआर लगाने के एवज में उप निरीक्षक रामेश्वरलाल ने 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। परिवादी द्वारा रकम अधिक होने की बात कहकर कम करने का आग्रह करने पर आरोपी 20 हजार रुपए लेने पर राजी हो गया।
शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। उप महानिरीक्षक पुलिस नारायण टोगस के सुपरवीजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई। योजना के तहत परिवादी को आरोपी के पास भेजा गया, जहां उसने जैसे ही 20 हजार रुपए की रिश्वत राशि आरोपी को दी, टीम ने तुरंत दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
एसीबी टीम ने आरोपी के कब्जे से पूरी रिश्वत राशि बरामद कर ली है। कार्रवाई के दौरान आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए गए हैं, ताकि मामले को मजबूत बनाया जा सके। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
एडिशनल एसपी विनोद कुमार ने बताया कि घड़साना पुलिस थाने में 2025 में जमीनी विवाद को लेकर मामला दर्ज था। इस मामले की जांच एसआई रामेश्वर कर रहे थे। उन्होंने बताया कि परिवादी ने एसीबी को शिकायत की थी कि इस मामले में कोर्ट का स्टे होने के बावजूद भी एसआई रामेश्वर लाल परिवादी को तंग और परेशान कर रहा था।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरवीजन में आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से रिश्वत मांगने और अन्य संभावित मामलों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार मामले में अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जाएगी, ताकि यदि किसी अन्य की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके। ब्यूरो ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Updated on:
25 May 2026 03:11 pm
Published on:
25 May 2026 03:10 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
