जींद

जींद में सांसद सैनी की रैली से पहले संग्राम

कुरूक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी की 26 नवम्बर की जींद में प्रस्तावित रैली से पहले ही जींद की धरती पर संग्राम शुरू हो गया

3 min read
Nov 24, 2017

जींद. कुरूक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी की 26 नवम्बर की जींद में प्रस्तावित रैली से पहले ही जींद की धरती पर संग्राम शुरू हो गया। जिसमें शुक्रवार को आजाद किसान मिशन के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप भारती की अगुवाई में जींद-कैथल मार्ग पर गांव शाहपुर के पास जाम लगा दिया।

जाम लगा रहे लोगों को जींद प्रशासन ने समझाने का अपनी तरफ से भरपूर प्रयास किया। इसमें जब बात नहीं बनी और संदीप भारती तथा उनके साथी रास्ता खोलने के लिए तैयार नहीं हुए, तब प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए रोड जाम कर रहे लोगों को रोड से हटाने का प्रयास किया तो संदीप भारती समर्थकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस पर पुलिस ने पहले लाठीचार्ज किया और बाद में आंसू गैस के गोले दागकर रोड खाली करवा लिया। शुक्रवार सायं लोगों ने जींद-कैथल मार्ग पर जींद के कंडेला गांव में जाम लगा दिया।

26 नवम्बर को सांसद राजकुमार सैनी जींद में रैली कर रहे हैं। उनकी रैली का आजाद किसान मिशन के अध्यक्ष संदीप भारती विरोध कर रहे हैं। भारती और उनके समर्थकों ने सांसद सैनी की रैली रद्द करवाने और रैली से पहले पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए युवकों की रिहाई की मांग को लेकर शुक्रवार दोपहर बाद जींद-कैथल मार्ग पर शाहपुर गांव में जाम लगा दिया। जाम लगा रहे लोगों को समझाने के लिए पहले एसडीएम महावीर प्रसाद और डीएसपी कप्तान सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने संदीप भारती को रोड खाली करने के लिए कहा और उनकी मांगें सरकार तक पहुंचाने की बात कही। संदीप भारती ने सांसद सैनी की रविवार को जींद में हो रही रैली रद्द करने तथा उनके गिरफ्तार साथियों की रिहाई और इस सिलसिले में दर्ज एफआईआर रद्द करने की मांग की।

बाद में मौके पर डीसी अमित खत्री और एसएसपी डा. अरूण सिंह पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने काफी देर तक संदीप भारती और उनके समर्थकों से बातचीत कर रोड खाली करने के लिए कहा। अपनी तरफ से दोनों अधिकारियों ने काफी देर तक संयम बरता और शांति से जींद-कैथल मार्ग पर लगाया जाम खुलवाने के प्रयास किए। इसमें बात नहीं बनी और संदीप भारती ने अडिय़ल रवैया नहीं छोड़ा, तब एसएसपी डा. अरूण सिंह ने पुलिस बल की मदद से रोड पर धरना देकर बैठे भारती और उनके समर्थकों को हटाने का प्रयास किया।

इस पर भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। मौके पर भारी पुलिस बल इसके तुरंत बाद एक्षन में आया और पुलिस पर पथराव कर रहे लोगों पर पहले लाठीचार्ज किया तथा इस दौरान पथराव करने वालों पर आंसू गैस के गोले भी दागे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद रोड पर धरना देकर बैठे और पुलिस पर पथराव कर रहे लोग यहां से भागते नजर आए। रोड को प्रदर्शनकारियों से पूरी तरह खाली करवा लिया गया।

पथराव में पुलिस कर्मियों को आई चोटें
जींद-कैथल मार्ग पर रास्ता रोक रहे लोगों को जब रोड से हटाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू की, तब भीड़ में शामिल लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस पथराव में दो महिला पुलिस कर्मचारियों सहित लगभग आधा दर्जन पुलिस कर्मचारियों को मामूली चोटें आई। पुलिस के लाठीचार्ज में भी भीड़ में से कुछ लोगों को हल्की चोटें आने की सूचना है।

कार्रवाई शुरू होते ही खिसक गए संदीप
शुक्रवार को जैसे ही पुलिस ने गांव शाहपुर में जाम लगा रहे आजाद किसान मिशन के समर्थकों पर रोड खाली करवाने के लिए कार्रवाई की तो मौके से संदीप भारती खिसक गए। वह पुलिस के हाथ नहीं लग पाए।

कंडेला में लगाया जाम
गांव शाहपुर में रास्ता रोक रहे संदीप भारती समर्थकों पर पुलिस कार्रवाई के बाद शुक्रवार सायं गांव कंडेला में लोगों ने जाम लगा दिया। यह जाम पुलिस कार्रवाई के विरोध में लगाया गया।

क्या कहते हैं डीसी
उपायुक्त अमित खत्री ने कहा कि जाम लगाए लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वो गलत शर्तों पर अड़े रहे। संदीप भारती गांव कंडेला में हैं और अभी वहां जाकर उन्हें पकड़ा नहीं जा सकता है। इससे हालात खराब हो सकते हैं। प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

क्या कहते हैं एसपी
पुलिस अधीक्षक डा. अरूण सिंह ने कहा कि तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कानून व्यवस्था किसी को हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। जाम लगाए लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकन उन्होंने पुलिस पार्टी पर पथराव कर दिया। कानून व्यवस्था जो भी हाथ में लेगा उसे सख्ती से निपटा जाएगा।

Published on:
24 Nov 2017 11:49 pm
Also Read
View All