कैथल के गांव क्योड़क में एक तांत्रिक ने अवैध संबंधों के चलते महिला के पति की हत्या कर उसके शव को अपने घर में दफना दिया।
जींद। कैथल के गांव क्योड़क में एक तांत्रिक ने अवैध संबंधों के चलते महिला के पति की हत्या कर उसके शव को अपने घर में दफना दिया। आरोपी ने हत्या हिमाचल के कसौली में की और कैथल के क्योड़क में शव लाकर दफनाया। लगभग एक महीने बाद जब पुलिस ने शक के आधार पर आरोपी से पूछताछ की तो उसने खुलासा किया।
हिमाचल पुलिस ने शुक्रवार देर शाम क्योड़क पहुंचकर आरोपी तांत्रिक के घर में खुदाई करवाई तो संदूक में बंद टुकड़ों में डेडबॉडी मिली।वहां मिले सभी सबूतों को हिमाचल पुलिस अपने साथ ले गई। मृतक की पत्नी भी इस पूरी घटना में शामिल थी। पुलिस शनिवार को मृतक का पोस्टमॉर्टम करवाया।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार क्योड़क गांव की एक लड़की की यूपी के सहारनपुर जिले के रहने वाले ऋषिपाल (40) से शादी हुई थी। दोनों के बच्चे भी हैं। ऋषिपाल हिमाचल के कसौली में खादी ग्रामोद्योग के भंडार पर कर्मचारी था। वह परिवार सहित कसौली रहता था। क्योड़क का रहने वाला अजय (25) गांव में मजार बनाकर तांत्रिक का काम करता था। उसका ऋषिपाल के घर आना-जाना था। वह अकसर कसौली जाता रहता था।
लगभग एक महीने पहले ऋषिपाल अचानक घर से गायब हो गया। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। ऋषिपाल के परिजनों को अजय पर शक था। उन्होंने इस बारे में पुलिस को बताया। पुलिस ने अजय को हिरासत में लेकर सख्ताई से पूछताछ की।
अजय ने पुलिस पूछताछ में खुलासा किया कि उसके ऋषिपाल की पत्नी के साथ अवैध संबंध थे। इसके चलते उसने ऋषिपाल की हत्या कर दी।उसने ऋषिपाल के दूध में नशे की दवाई मिलाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव के टुकड़े कर दिए। इन्हें संदूक में भरकर वह क्योड़क में ले आया। यहां घर के पास लगभग 12 फीट गहरे गड्ढे में उस संदूक को दबा दिया। अजय ने अपने घर के अंदर एक मजार बना रखी थी। वह वहीं बैठकर तांत्रिक क्रिया करता था।आसपास की महिलाएं अकसर उसके पास आती रहती थी।
शुक्रवार शाम को हिमाचल पुलिस कैथल पहुंची और उन्होंने क्योड़क में जेसीबी से अजय की बताई जगह पर खुदाई करवाई। यहां लगभग 12 फीट गहराई में एक संदूक मिला। इसके अंदर टुकड़ों में ऋषिपाल की डेडबॉडी मिली। पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अपने साथ हिमाचल ले गई। शनिवार को ऋषिपाल के शव का पोस्टमॉर्टम करवाया।