जोधपुर

Rajasthan: केंद्रीय मंत्री गडकरी ने राजस्थान को दी एक और बड़ी सौगात, 120 करोड़ से इन सड़कों की बदलेगी सूरत

मंत्री गडकरी ने बताया कि जोधपुर लोकसभा क्षेत्र में नांदेलों की हवेली से लोहावट की सड़क, जिसकी लंबाई 30.25 किमी है। इसका चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण 58 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा।
less than 1 minute read
Jun 19, 2025
New Road in Rajasthan
प्रतीकात्मक तस्वीर

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के आग्रह पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जोधपुर लोकसभा क्षेत्र में दो प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 120.19 करोड़ के प्रस्तावों को स्वीकृति दी है। इस पर केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है।

इन सड़कों का होगा कायाकल्प

शेखावत ने कहा कि मंत्री गडकरी ने बताया कि जोधपुर लोकसभा क्षेत्र में नांदेलों की हवेली से लोहावट की सड़क, जिसकी लंबाई 30.25 किमी है। इसका चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण 58 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। इसी प्रकार पाली में उरचियाड़ा-बीसलपुर-खटियासन तक की 41 किमी लंबाई की सड़क का 62.19 करोड़ रुपए की लागत से चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण होगा।

शेखावत ने जताया आभार

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुसार दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत मंत्री गडकरी का आभार। गौरतलब है कि विगत 5 मई को शेखावत ने केंद्रीय मंत्री गडकरी को पत्र लिखकर उक्त सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का अनुरोध किया था।

यह वीडियो भी देखें

नागौर को मिली थी सौगात

गौरतलब है कि इससे पहले केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने नागौर को बड़ी सौगात दी थी। शहर के चारों ओर रिंग बनाने के लिए मंत्रायल ने शेष रहे बीकानेर रोड से लाडनूं रोड को मिलाने वाले हिस्से के बायपास की स्वीकृति जारी की थी। मंत्रालय की ओर से गत मार्च माह में स्वीकृत किए गए 787 करोड़ के नागौर-नेतड़ा फोरलेन प्रोजेक्ट के साथ बायपास प्रोजेक्ट को शामिल करते हुए कुल 1393.34 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी थी।

Published on:
19 Jun 2025 08:18 pm